बरेली: बजट में उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल की झोली में आईं कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं, यहां जानें
बरेली, अमृत विचार। बजट में उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल की झोली में कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं आई हैं। इनमें सबसे अहम रामपुर-बरेली के बीच के स्टेशनों का इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल प्रणाली के जरिए उन्नतिकरण शामिल है। कई सेक्शनों में ट्रैक रिन्युवल जैसे कामों के लिए भी प्रावधान किया गया है।
रामपुर-बरेली के बीच सिग्नल प्रणाली फिलहाल इलेक्ट्रोमैकेनिकल इंटरलॉकिंग तकनीक पर काम करती है। इसकी जगह इस रेल खंड में सभी स्टेशनों को इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग से लैस करने से सिग्नल प्रणाली पहले से ज्यादा फुल प्रूफ हो जाएगी। इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग के लिए बजट में 37.48 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा मुरादाबाद रेल मंडल के पांच स्टेशनों पर अतिरिक्त लूप लाइन के लिए 28.38 करोड़ दिए जाएंगे। मुगलसराय-लखनऊ-मुरादाबाद-अंबाला-जालंधर-अमृतसर रूट पर 1150 किमी लंबे लूप का निर्माण किया जाएगा जिसके लिए तीन सौ करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
ट्रैक रिन्युवल से बढ़ेगी रफ्तार
बरेली से लखनऊ के बीच छोटे-छोटे सेक्शनों में ट्रैक रिन्युवल के लिए बजट का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा पिछले साल हुए कामों का लेखाजोखा भी पिंक बुक में दिया गया है। लखनऊ से बरेली के बीच स्विच एक्सपेंशन ज्वाइंट ठीक करने के लिए करीब छह करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इससे ट्रेनों की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है।
ये भी पढे़ं- बरेली: बारिश से फाल्ट, बिजली गुल होने के साथ फुंके उपकरण
