भ्रम और भय का व्यापार कर सरकार चलाने वालों से सावधान रहें लोग: सोनिया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पटना। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार अभियान का शंखनाद करते हुए भाजपा का नाम लिए बगैर उस पर भावना, भ्रम और भय का व्यापार कर सरकार चलाने का आरोप लगाया और कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं सत्याग्रह के मार्ग पर चलते हुए हम सब …

पटना। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार अभियान का शंखनाद करते हुए भाजपा का नाम लिए बगैर उस पर भावना, भ्रम और भय का व्यापार कर सरकार चलाने का आरोप लगाया और कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं सत्याग्रह के मार्ग पर चलते हुए हम सब को एकजुट होकर इसके खिलाफ लड़ना होगा।

गांधी ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 151वीं जयंती के मौके पर पश्चिम चंपारण में उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण और गांधी चेतना रैली को ऑनलाइन माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि देश में कुछ लोग भावना, भ्रम और भय का व्यापार करके सरकार चला रहे हैं। उन सब से जनता सावधान रहे और सही निर्णय ले। उन्होंने कहा कि इसके लिए महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वराज के मार्ग पर चलते हुए हम सब को एकजुट होकर लड़ना होगा। यही महात्मा गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कांग्रेस गांधी के सत्य और अहिंसा के मार्ग पर लगातार चल कर संघर्ष कर रही है और सब के सहयोग से इसमें सफलता भी पाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष ने महात्मा बुद्ध, महावीर, गुरू गोविंद सिंह की जन्मभूमि और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की कर्मभूमि बिहार को नमन करते हुए कहा कि शुक्रवार को लालबहादुर शास्त्री का भी जन्म दिवस है। वह उन्हें भी नमन करती है, जिन्होंने ‘जय जवान जय किसान’ का नारा दिया। यह नारा इस कठिन समय में पहले से भी ज्यादा प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए तो महात्मा गांधी के विचार ही पार्टी की आत्मा है। गांधी ने कहा कि बापू के लिए प्रगति का अर्थ मनुष्य का समग्र विकास और समाज के सबसे गरीब व्यक्ति को विकास से जोड़ना था न कि चंद लोगों के विकास से। जैसे चंपारण में नील की खेती से कुछ लोग मालामाल हो रहे थे लेकिन हजारों किसान गरीबी और भूखमरी के शिकार से हो रहे थे। गांधी के लिए यह घोर अन्याय और पाप था। उन्होंने कहा कि इसी कारण कांग्रेस पार्टी की हर कार्य योजना देश की जनता को ध्यान में रखकर बनती है न कि कुछ चंद लोगों के लिए।

संबंधित समाचार