हरदोई : संदिग्ध हालात में मौत, गला घोंट कर हत्या का आरोप
हरदोई, अमृत विचार। एक 26 वर्षीय युवती की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। इस मामले में उसके मायके वालों का आरोप है कि शराब का लती दामाद दहेज़ में कार की मांग कर रहा था और उसी के चलते उसे प्रताड़ित किया करता था। आरोप है उसने गला घोंट कर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लेते हुए बताया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस बारे में कुछ कहा जा सकता है।
बताया गया है कि हरियावां थाने रामनगरिया निवासी प्रदीप की 26 वर्षीय पत्नी रूबी की शनिवार को संदिग्ध हालत में मौत हो गई। कोतवाली देहात के खेतुई निवासी रविंद्र ने बताया कि उसने करीब 8 साल पहले रूबी की शादी की थी। वह 15 दिनों से मायके में थी। शुक्रवार को पिता रविंद्र और मां शिवकांति रूबी को उसकी ससुराल भेजने गए हुए थे।उसने बताया कि शनिवार को उसे अचानक रूबी की मौत होने की खबर मिली,जब वह उसकी ससुराल रामनगरिया पहुंचा तो वहां देखा कि रूबी का शव आंगन में पड़ा था।
पिता रविंद्र का आरोप है कि उसका दामाद शराब का लती है और आए दिन दहेज़ में कार की मांग करते हुए उसकी पुत्री को प्रताड़ित किया करता था।उसने दामाद के ऊपर गला घोंट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। रूबी के एक बेटा और तीन बेटियां बताई गई है। पुलिस का कहना है कि सारे मामले की जांच की जा रही है।शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें -Hardoi Dog attack : घर के बाहर खेल रहे बच्चे पर कुत्ते ने किया हमला, डॉक्टर ने लखनऊ किया रेफर
