प्रयागराज पहुंचे अरुण गोविल और सुनील लहरी, कहा - रामराज्य की संस्कृति और नैतिकता वापस लौट रही है

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज, अमृत विचार। 90 के दशक में दूरदर्शन पर प्रसारित हुए रामानंद सागर कृत रामायण सीरियल के भगवान राम का चरित्र निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल और लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी शनिवार को मीरापुर बरगद घाट में आयोजित होने वाले रामयज्ञ में पहुंचे। जहां उन्होंने पहुंचकर विधि विधान से पूजा अर्चना की और रामयज्ञ का शुभारंभ किया। 
    
शनिवार को मीरापुर बरगद घाट में ठाकुर हर नारायण सिंह पीजी कॉलेज द्वारा आयोजित श्रीरामयज्ञ में शामिल होने सीरियल सीरीयल में किरदार निभाने वाले अरुण गोविल और लक्ष्मण का रोल अदा करने वाले सुनील लहरी पहुंचे। श्री रामयज्ञ के शुरू होने से पहले बरगद घाट मीरापुर में स्थित हनुमान मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसकी अगुवाई अरुण गोविल और सुनील लहरी ने की। अरुण गोविल ने कहा कि आज देश में रामराज की परिकल्पना साकार हो रही है। चारों तरफ का वातावरण राममय हो गया है।  प्रभु श्री राम की ऊर्जा है और हर व्यक्ति इन पलों को जीना चाह रहा है। जो वर्षों से लोगों ने इंतजार किया था वह आज चारों ओर दिखाई दे रहा है। 

उन्होंने कहा है कि इससे ज्यादा अद्भुत कोई बात नहीं हो सकती है। रामराज में जो नैतिकता थी, जो संस्कृति थी अब वह भी धीरे-धीरे वापस लौट रही है। वहीं अयोध्या में 22 जनवरी को हुए राम मंदिर के लोकार्पण और प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर अरुण गोविल ने कहा है कि यह ऐसी घटना है, जो पहले कभी नहीं हुई थी। इतने अद्भुत तरीके से मंदिर का लोकार्पण और प्राण प्रतिष्ठा होगी ऐसी कभी कल्पना नहीं की थी। अयोध्या में जो कुछ भी हुआ है, उसको शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने राम मंदिर के लोकार्पण और प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को अपने जीवन की महत्वपूर्ण घटना बताते हुए कहा है कि यह हमारे जीवन का के लिए अद्भुत क्षण था। मैं अपने आप को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मेरे जीवन काल में मंदिर का निर्माण पूरा हुआ है। इसका सारा श्रेय देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाना चाहिए। क्योंकि पीएम मोदी जो सोचते हैं वह कर गुजरते हैं। उन्होंने कहा है कि हालांकि मंदिर के निर्माण में सभी लोगों का सहयोग रहा है। उन्होंने कहा कि खास तौर पर कोरोना कॉल में जब दोबारा टेलीविजन पर रामायण सीरियल का प्रसारण किया गया तो युवा इसे तेजी से जुड़ा है। युवा हमारी संस्कृति की ओर लौट रहा है यह सुखद है।

वहीं रामायण सीरियल में लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले सुनील लहरी ने कहा है कि रामराज की कल्पना पीएम मोदी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पूरी करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज देश का युवा हमारी संस्कृति से और प्रभु श्री राम से जुड़ रहा है। जब युवा जुड़ता है तो देश की तस्वीर बदलती है। उन्होंने कहा है कि आने वाले 10 सालों में हमारा देश काफी कुछ बदल चुका होगा। वहीं संगम की रेती पर लगे माघ मेले और बड़े हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना के अपने अनुभवों को बताते हुए सुनील लहरी ने कहा है कि प्रयागराज में धर्म और आध्यात्मिक का माहौल है और जहां पर ऐसा माहौल होता है। वहां पर आत्मिक शांति के साथ ही वैचारिक शुद्धता की भी प्राप्त होती है।

ये भी पढ़ें -खूबसूरती और जांबाजी का 'कॉकटेल' हैं ये 5 IPS, लुक सॉफ्ट लेकिन किलर है इनका हर एक्शन

संबंधित समाचार