लखनऊ: बुजुर्ग व्यापारी की पिटाई कर दुकान से फेंका सामान, विरोध करने पर दी धमकी, हड़कंप
घटना को लेकर व्यापारी संगठन में आक्रोश
लखनऊ। हुसैनगंज थानाक्षेत्र अन्तर्गत जय नारायण रोड पर दुकान खाली कराए जाने को लेकर एक मकान मालिक ने शनिवार शाम साथियों के साथ मिलकर बुजुर्ग व्यापारी से मारपीट कर उसका सामान सड़क पर फेंक दिया। विरोध किए जाने पर आरोपी बुजुर्ग को धमकी देते हुए घटनास्थल से भाग निकले।
इस घटना को लेकर व्यापारी संगठन में आक्रोश फैल गया। इसके व्यापारियों मकान मालिक व उसके साथियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर हुसैनगंज थाने में तहरीर दी है।
आदर्श व्यापार मंडल प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि जय नारायण रोड पर व्यापारी हुकुमचंद गुप्ता (78) की दुकान है। किरायेदारी को लेकर मकान मालिक से उनका विवाद चल रहा है। उनका मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है। आरोप है कि मकान मालिक दबंगई के बल पर उसने दुकान खाली कराना चाहता है।
शनिवार को पीड़ित व्यापारी दुकान पर मौजूद था तभी मकान मालिक अपने कुछ साथियों को लेकर उनकी दुकान में पहुंचा और अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर मकान मालिक ने बुजुर्ग व्यापारी की लात-घूंसों से पिटाई कर दुकान का सारा सामान सड़क पर फेंक दिया। जानकारी मिलते ही संगठन से जुडे पदाधिकारी मौके पर पहुंचे।
उनके साथ उपाध्यक्ष धर्मेश गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष गुर्प्रीत सिंह चड्ढा, नगर महामंत्री आशीष गुप्ता, विधानसभा मार्ग के चेयरमैन मुकेश आहुजा, रजनीश यादव आदि ने कार्रवाई की मांग कर थाने में तहरीर दी है।
