आगरा : नशे में धुत कार सवार स्कूल संचालक ने राहगीरों को रौंदा, एक की मौत-दो घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आगरा, अमृत विचार। आगरा के थाना सिकंदरा इलाके के आगरा मथुरा मार्ग पर अरतौनी के निकट बीते शनिवार देर रात नशे में धुत कार  सवार स्कूल संचालक ने तीन राहगीरों को रौंद दिया। इस दुर्घटना में एक की मौके पर मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को बताया कि सफेद रंग की फार्च्यूनर कार सिकंदरा से अरतौनी की तरफ जा रही थी। औद्योगिक क्षेत्र में पुलिया के पास कार रोककर चालक ने राहगीर से माचिस मांगा। इसके बाद कार को तेज रफ्तार से आगे बढ़ा दी। कुछ दूरी पर एक गाड़ी में सवारियों को बैठाया जा रहा था। इसी समय चालक ने कार उन पर चढ़ा दी। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। 

12 - 2024-02-04T152301.009

घायलों में फरह थाना क्षेत्र के नगला चंद्रवान दीनदयाल निवासी राजन उसका साथी मोहन सिंह और शहजादपोरी निवासी दाऊदयाल शामिल हैं। राजन दोनों साथियों के साथ ड्यूटी से घर लौट रहा था। रास्ते में हादसा हो गया। घायलों को हाईवे स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां जांच के बाद डॉक्टर ने राजन को मृत घोषित कर दिया। अन्य दोनों का इलाज चल रहा है। 

समर्थकों ने आरोपी को बचाने का प्रयास किया
आरोपी हरीपर्वत थाना क्षेत्र के विजयनगर स्थित आगरा पब्लिक स्कूल संचालक अंकित शर्मा है। हादसे के दौरान कार की गति इतनी तेज थी कि दोनों एयर बैग खुल गए। आरोपी ने कार से निकलकर लोगों से अभद्रता शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस से भी अभद्रता की। उसके कई समर्थक भी मौके पर आ गए। वह पुलिस से अभद्रता करते हुए आरोपी को बचाने का प्रयास करने लगे। 

14 - 2024-02-04T152438.499

आरोपी को हिरासत में लिया 
पुलिस ने समर्थकों को खदेड़कर आरोपी को हिरासत में लिया। प्रभारी निरीक्षक सिकंदरा नीरज शर्मा ने बताया कि आरोपी स्कूल संचालक है। उसे हिरासत में लेकर मेडिकल के लिए भेजा गया है। कार को क्रेन की मदद से थाने लाया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें -लखनऊ: मलिहाबाद तिहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाले दोनों मुख्य आरोपी बाप-बेटे लल्लन और फराज गिरफ्तार

संबंधित समाचार