शाहजहांपुर: खुदी सड़कें बेइंतहा बदहाल, कहीं जानलेवा न बन जाए यह कीचड़

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। महानगर की खुदी पड़ी सड़कें बदहाली की इंतहां से जूझ रही हैं। रविवार सुबह हुई रिमझिम बारिश से कई सड़कें कीचड़ से भर गईं। कहीं-कहीं फिसलन इस कदर बढ़ गई कि कई लोग फिसल कर गिर गए। 

आशंका पैदा होने लगी कि कहीं कीचड़ से भरी सड़कें जानलेवा न बन जाएं। जरा सी बारिश ने सड़कों की दुर्दशा को कई गुना बढ़ा दिया। नए आए नगर आयुक्त कामता प्रसाद के लिए महानगर की बदहाल सड़कों से निपटना एक बड़ी चुनौती होगी। क्योंकि जल निगम के ठेकेदार सड़कों को खोदने के बाद ठीक से मरम्मत नहीं कर रहे हैं।

जल निगम ने कार्यदायी संस्था टेक्नोक्राफ्ट को मार्च तक सीवर लाइन का काम परा करने की समय सीमा तय की है। ऐसे में कार्यदायी संस्था के कार्मिक रात दिन काम कर रहे है। शनिवार को भी पूरे दिन काम चला। इससे आवागमन प्रभावित रहा। 

एसपी कॉलेज रोड पर सीवर बिछाने के लिए खोदी गई सड़क के पास से निकली एक महिला की स्कूटी फंस गई। इससे जाम लगा रहा। हालांकि अब यह कार्य पूरा कर लिया गया है। अब सड़क की मरम्मत का कार्य चल रहा है। सीवर कार्य की धीमी गति पर नगर आयुक्त कामता प्रसाद सिंह ने भी नाराजगी जताई है। सीवर लाइन बिछाने के साथ ही कार्यदायी संस्था की ओर से कनेक्शन के लिए चेंबर बनाने और सड़क की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। 

शनिवार को हनुमत धाम रोड पर हयातपुरा व हुसैनपुरा क्षेत्र में सड़क मरम्मत का कार्य चला। रंगीन चौपाल में भी सीवर बिछाने के बाद खोदी गई सड़क की मरम्मत की गई। रविवार को खोदी गई सड़क के मलबे में लोग खूब फिसले। कई ई-रिक्शा पलटने से बचीं। कई सड़कें कीचड़ में तब्दील हो गईं। जिसके चलते लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।

यहां हुई सबसे ज्यादा परेशानी
बैसे तो पूरे शहर में ही कीचड़ और खुदी पड़ी सड़कों के चलते परेशानी हुई, लेकिन सबसे ज्यादा परेशानी निशात टॉकीज रोड, निशात टॉकीज तिराहा, जेल रोड, अंटा चौराहा, एसपी ऑफिस के सामने वाली सड़क, नगर निगम रोड, सदर थाना रोड पर हुई। यहां बाइक, पैदल, स्कूली सवार लोगों को सबसे ज्यादा परेशान होना पड़ा। गड्ढे और बढ़े यातायात के चलते लोगों को कई बार सड़क पर ब्रेक लगाना पड़ा। 

स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि सड़कों पर फैली मिट्टी, कीचड़ और फिसलने के चलते कई लोग गिरते हुए बचे। जबकि कुछ लोग तो गिर भी गए। हमारा प्रयास है कि जल्द से जल्द सभी सड़कों की स्थिति में सुधार हो जाए। इसके लिए अधिकारियों से कहा गया है। कई स्तर पर सुधार की प्रक्रिया चल रही है। लोगों को परेशानी न हो इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।-कामता प्रसाद सिंह, नगर आयुक्त।

कीचड़ होने से लोगों को परेशानी हुई है। तेजी से काम चल रहा है। उम्मीद है कि बहुत जल्द काम पूरा हो जाएगा और खुदी सड़कों से मुक्ति मिल जाएगी।- कपिल एम सिंह, अधिशासी अभियंता, जल निगम।

ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: बारात आने से पहले छात्रा को लेकर टीचर रफूचक्कर, इसी महीने की 18 तारीख को है युवती की शादी

 

संबंधित समाचार