भारतीय हॉकी टीम के कप्तान पीलीभीत के सिमरनजीत को पंजाब सरकार ने बनाया पीसीएस अधिकारी, नियुक्ति पत्र सौंपा, ..परिवार में खुशी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार : टोक्यो ओलंपिक हॉकी मैच में अपना जलवा बिखरने वाले भारतीय हॉकी टीम के कप्तान सिमरनजीत सिंह को पंजाब सरकार ने पीसीएस अधिकारी के तौर पर नौकरी करने का मौका दिया है।  खेल जगत में नाम रोशन करने के साथ ही अर्जुन अवार्ड से सम्मानित हो चुके सिमरनजीत को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को नियुक्ति पत्र सौंपा।

इस दौरान कुल 11 खिलाड़ियों को पीसीएस और पीपीएस के पद पर नियुक्त किया गया है। चयनित होने वालों में सिमरनजीत उत्तर प्रदेश के इकलौते खिलाड़ी हैं। हॉकी जगत और अन्य खेलों में नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को पंजाब सरकार ने देश की सेवा करने का मौका देने की घोषणा की थी। रविवार को पंजाब में मुख्यमंत्री आवास पर खिलाड़ियों को बुलाया गया था।

जिसमें सिमरनजीत सिंह कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने उन्हें पंजाब में बतौर पीसीएस अधिकारी नियुक्त करते हुए उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा। जिस पाकर वह उत्साहित दिखे। सिमरनजीत सिंह ने बताया कि कुल 11 खिलाड़ियों को पीसीएस और पीपीएस में नौकरी करने का मौका दिया गया है।

इस सुनहरे पल के मौके पर पत्नी हरप्रीत कौर उनके साथ थीं। खेल जगत से ही मुकाम मिला है। ऐसे में प्राथमिकता हॉकी पर ही रहेगी। आगे भी देश के लिए टीम के साथ बेहतर प्रदर्शन करते हुए विश्व में एक अलग पहचान बनाएंगे।

उत्तराखंड की सीमा से सटे मझारा फार्म में रहता है परिवार: उत्तराखंड सीमा से सटे कस्बा मझोला से आठ किमी की दूरी पर स्थित मझारा फार्म के निवासी सिमरनजीत सिंह पुत्र इकबाल सिंह भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हैं। उनके पिता इकबाल के अनुसार सिमरनजीत सिंह को बचपन से हॉकी के खेल बहुत पसंद था।

इसलिए उन्हें पांच साल की  उम्र में ही उनके ताऊ रक्षपाल सिंह अपने साथ ले गए थे, जोकि पंजाब में रहते हैं। पंजाब में रहकर एक एकेडमी में उन्होंने हॉकी का अभ्यास किया। जिसके  दम पर वह टीम इंडिया तक पहुंचे।

हॉकी फाइव्स विश्व कप में बनाए गए थे कप्तान: बेहतर खेल प्रदर्शन के दम पर सिमरनजीत सिंह ने पूर्व में टोक्यो में हुए ओलंपिक हॉकी मैच में टीम इंडिया को जीत दिलाई थी। जिसके बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने वर्ष 2021 में उन्हें अजुर्न अवार्ड से नवाजा था। हाल में ही जनवरी माह में एफआइएच हॉकी फाइव्स विश्व कप का आयोजन किया गया था। जोकि ओमान के मस्कट में हुआ।  इसमें सिमरनजीत सिंह बतौर हॉकी टीम के कप्तान की भूमिका निभाई थी। जिसमें भारतीय हॉकी टीम को पांचवा स्थान मिला।

परिवार में खुशी का माहौल, मिल रही बधाई: हॉकी में मुकाम हासिल कर देश का मान बढ़ा रहे सिमरनजीत सिंह को पंजाब सरकार के द्वारा पीसीएस नियुक्ति पत्र मिलने के बाद परिवार में हर्ष है। टीवी-मोबाइल पर पंजाब में हुए कार्यक्रम की झलकियां देखी और बेटे सिमरनजीत सिंह के पीसीएस नियुक्त होने को लेकर मिल रही बधाईयों से परिजन की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

बता दें कि पीलीभीत के मझारा फार्म में उनके पिता इकबाल सिंह, मां मंजीत कौर, दादी गुरमीत कौर, भाई अर्षजीत सिंह  आदि रहते हैं। परिवार वालों को फोन कर बधाईयां मिलती रहीं।

ये भी पढ़ें - पीलीभीत: गौसेवा के नाम पर कईयों ने खुद को बनाया, आगे आया गौरधाम  परिवार, पहले पांच लाख से टीनशेड बनवाया, अब सात लाख से बिछवाएगा फर्श..जानिए आगे की क्या है तैयारी

संबंधित समाचार