UP Budget 2024: : केजीएमयू और लोहिया में अब 'Super Treatment', ट्रामा सेंटर में मरीजों को मिलेगी मुफ्त इलाज की सुविधा
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी के चिकित्सा संस्थानों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा। योगी सरकार के इस बजट से मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोत्तरी होगी। केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को 24 घंटे तक मुफ्त इलाज मिल सकेगा। विभागों में अत्याधुनिक उपकरणों की खरीद का रास्ता साफ हुआ है। इसी के तहत डायबिटिक रेटीनोंपैथी के लिए वाइड फील्ड इमेजिंग सिस्टम समेत अन्य उपकरणों की खरीद हो सकेगी।
वहीं डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के एडवांस न्यूरो साइंस सेंटर में उपकरणों की खरीद, इमरजेंसी में बेडों की संख्या और मैनपॉवर बढ़ाने के लिए अब बजट का इंतजार नहीं करना होगा। लोहिया संस्थान में मैनपॉवर की वृद्धि होगी। इसके अलावा अभी हाल ही में लोहिया संस्थान की इमरजेंसी में बेड बढ़ाये गये थे, लेकिन आने वाले समय में और बेडों के बढ़ने की संभावना है।
केजीएमयू और लोहिया संस्थान को मिले बजट पर केजीएमयू की कुलपति और डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान की निदेशक प्रो. सोनिया नित्यानंद ने खुशी जाहिर करते हुये उत्तर प्रदेश सरकार का धन्यवाद किया है। केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने कहा है कि अब हम ट्रामा सेंटर में मरीजों को शुरूआती 24 घंटे तक इलाज मुफ्त देने पर विचार कर रहे हैं। जल्द ही इस व्यवस्था को लागू करने की दिशा में कार्य शुरू कर दिया जायेगा।
किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय की बात करें तो विगत वर्ष की तुलना में इस बार डेढ़ गुना की वृद्धि बताई जा रही है। साल 2023-24 में 1090 करोड़ का बजट मिला था। वहीं 2024-25 में बजट को बढ़ाकर 1640 करोड़ कर दिया गया है। इसी तरह लोहिया संस्थान को मिले बजट में करीब 324 करोड़ की वृद्धि हुई है। लोहिया संस्थान को कुल 888 करोड़ का बजट मिला है। इसके बाद निर्माण और उपकरणों की खरीद में आ रही बाधा समाप्त हुई है।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : 27 हजार करोड़ से सुधरेगा यूपी का स्वास्थ्य, योजनाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगी नई उड़ान
