गोंडा : श्रद्धालुओं को लेकर कटरा पहुंची आस्था स्पेशल ट्रेन, लगे जय श्रीराम के जयकारे-देखें Video 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डीआरएम समेत अन्य अफसरों ने किया यात्रियों का स्वागत, इलेक्ट्रिक बस से अयोध्या के लिए हुए रवाना

नवाबगंज/ गोंडा, अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे की पहली आस्था स्पेशल ट्रेन बिहार से 11सौ श्रद्धालुओं को लेकर मंगलवार की सुबह कटरा शिव दयालगंज रेलवे स्टेशन पहुंची।‌स्टेशन पर पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक आदित्य कुमार रेल ने रेल अफसरों के साथ राम भक्त यात्रियों का स्वागत किया। जैसे ही यात्री कटरा शिवदयालगंज रेलवे स्टेशन पर उतरे गेटवे ऑफ अयोध्या जय श्री राम के जय कारों से गुंजायमान हो उठा। स्वागत कार्यक्रम से अभीभूत रामभक्तों ने कहा कि आज अयोध्या में श्री राम लला के दर्शन का उनका वर्षों का सपना साकार होने जा रहा है।

अयोध्या में श्री रामलला का दर्शन कराने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। रेलवे की तरफ से यात्रियों को निशुल्क दर्शन कराने के लिए आस्था स्पेशल ट्रेन का संचालन प्रारंभ किया गया है। सोमवार को पहली आस्था स्पेशल ट्रेन बिहार के मुंगेर रेलवे स्टेशन से 1100 रामभक्तों को लेकर अयोध्या के लिए रवाना हुई थी। यह ट्रेन मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे कटरा शिवदयालगंज रेलवे स्टेशन पर पहुंची। यात्रियों के पहुंचते ही गेटवे ऑफ अयोध्या का इलाका जय श्री राम के जयकारों से गुंजित हो उठा।

स्टेशन पर पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम आदित्य कुमार ने रेल अफसरों की टीम के साथ यात्रियों का फूल मालाओं से स्वागत किया।स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम रहा। उनके चाय नाश्ते से लेकर अयोध्या तक पहुंचाने तक की व्यवस्था अफसरों ने कर रखी थी। यात्रियों को अयोध्या पहुंचाने के लिए स्टेशन के बाहर तीन दर्जन इलेक्ट्रिक बसें लगायी गयी थीं। इन्हीं बसों से यात्रियों को अयोध्या के लिए रवाना किया गया। 

दो दिन अयोध्या में रहेंगे यात्री, खड़ी रहेगी ट्रेन
आस्था स्पेशल ट्रेन से आने वाले रामभक्त दो दिन तक‌ अयोध्या में रहेंगे और श्री राम लला समेत अन्य मंदिरों का भ्रमण कर दर्शन पूजन करेंगे। इस दौरान ट्रेन कटरा शिवदयालगंज रेलवे स्टेशन पर खड़ी रहेगी। बुधवार की शाम 6.20 बजे यह ट्रेन यात्रियों को लेकर वापस मुंगेर लौटेगी‌।

ये भी पढ़ें -उत्तराखंड की धामी सरकार आज पेश करेगी UCC विधेयक, विधानसभा के बाहर धारा 144 लागू

संबंधित समाचार