बरेली: सुभाषनगर में हिस्ट्रीशीटर का खौफ, खुलेआम हो रहा नशे का कारोबार
बरेली,अमृत विचार। कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर ने सुभाषनगर में आतंक मचा रखा है। वह खुलेआम चरस, गांजा और अफीम बेचता है। इससे वहां आए दिन हंगामा होता रहता है। वहां के रहने वाले लोग जब इसका विरोध करते है तो वह उन्हें जान से मारने की धमकी देता है। हिस्ट्रीशीटर के लड़के भी गली से निकलने …
बरेली,अमृत विचार। कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर ने सुभाषनगर में आतंक मचा रखा है। वह खुलेआम चरस, गांजा और अफीम बेचता है। इससे वहां आए दिन हंगामा होता रहता है। वहां के रहने वाले लोग जब इसका विरोध करते है तो वह उन्हें जान से मारने की धमकी देता है। हिस्ट्रीशीटर के लड़के भी गली से निकलने वाले लोगों के साथ मारपीट करते रहते हैं। पीड़ितों ने पुलिस से इसकी शिकायत कई बार की लेकिन थाना पुलिस ने उनकी कोई मदद नहीं की।
सुभाषनगर स्थित शांति विहार के रहने वाले लोगों का कहना है कि उनके मोहल्ले में कोतवाली का रहने वाला हिस्ट्रीशीटर खुलेआम नशे का कारोबार कर रहा है। सुबह से नशेड़ियों का वहां आना शुरू हो जाता है और रात तक यही चलता है। जब मोहल्ले के लोगों ने उसका विरोध किया तो आरोपी उल्टा उन्हें ही धमकाने लगा।
पूरा मोहल्ला उसके और उसके परिवार से डरा रहता है। बात-बात पर ये लोग मोहल्ले के लोगों के साथ मारपीट कर देते हैं और तमंचा तान लेते हैं। पीड़ितों ने कई बार इसकी शिकायत सुभाषनगर थाने और मढ़ीनाथ चौकी पर की लेकिन पुलिस ने उनकी एक न सुनी। लोगों का कहना है कि अब वह जल्द ही इसकी शिकायत एसएसपी से करेंगे।
“मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। एएसपी से मामले की जांच कराई जाएगी और अगर आरोप सही पाए गए तो आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।” -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
