Kanpur News: शक्ति वंदन से महिलाओं को पार्टी से जोड़ेगी भाजपा; 11 फरवरी से शुरू करेगी अभियान...

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Shukla
On

कानपुर, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव से पूर्व 11 फरवरी से भाजपा स्वयं सहायता समूहों और गैर सरकारी संगठनों से जुड़ी महिलाओं के बीच अपना जनाधार मजबूत करने को शक्ति वंदन अभियान शुरू करेगी। सोमवार को केशव नगर स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में शक्ति वंदन अभियान की उत्तर, दक्षिण जिले की संयुक्त जिला कार्यशाला हुई। 

कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि अब कोई भी राजनीतिक दल महिलाओं को संसद और विधानसभा में जाने से रोक नहीं सकेगा। पीएम नरेंद्र मोदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उनके उच्च सदन तक पहुंचने का रास्ता प्रशस्त कर दिया है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह अधिनियम मील का पत्थर साबित होगा। 

भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि 2014 में केंद्र में पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद से ही महिला कल्याण और महिलाओं के उत्थान एवं उनको स्वावलंबी बनाने को लेकर अनेक योजनाओं को लागू करने का काम किया गया। जिला मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी ने जानकारी दी की 10 फरवरी को किदवई नगर के वेडिंग वेल गेस्ट हाउस में शक्ति संवाद कार्यक्रम 11,12,14 फरवरी को विधानसभा क्षेत्र स्तर पर शक्ति सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। 

13 फरवरी को स्मार्ट सिटी महिला सम्मेलन गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज में होगा। 12 से 21 फरवरी तक स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से व्यक्तिगत संपर्क कार्यक्रम चलेगा एवं 22 फरवरी को प्रधानमंत्री के संबोधन को हर मंडल में वर्चुअल माध्यम से सुना जाएगा। 25 या 26 फरवरी को एनजीओ प्रमुखों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, प्रबोध मिश्रा, अनीता गुप्ता, अनीता त्रिपाठी, सरोज सिंह भदौरिया, सुनील बजाज, ब्लॉक प्रमुख विजय रत्ना तोमर, रघुनंदन भदौरिया, पुष्पा तिवारी, संजय बाजपेई, वंदना गुप्ता, अर्चना आर्या आदि मौजूद रहे।

पीएम के कार्य जन-जन तक पहुंचाएंगे

भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन कर मोदी जी के नेतृत्व में विश्व पटल पर खड़ा है जिसमे भारत के वैश्विक जगत में काम कर रहे लोगों की महत्वपूर्ण भागीदारी है। यह बात सोमवार को व्यवसायिक प्रकोष्ठ भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की 17 जिलों से आये जिला संयोजकों-सह संयोजकों की बैठक में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए व्यवसायिक प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक किशन मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र की सभी 10 लोकसभा क्षेत्रों में व्यापारियों से सम्पर्क संवाद करके प्रधानमंत्री के कार्यों को पहुंचाएंगे। व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक ओम प्रकाश मिश्रा ने कहा कि वैश्विक क्षेत्र में किये जा रहे महत्वपूर्ण योगदान के दम पर भारत विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। क्षेत्रीय सह संयोजक अवधेश मिश्रा, योगेश दुबे, आरके वर्मा, संजय गुप्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- Kanpur News: मॉडल चौराहों पर निरीक्षण करने पहुंचा अफसरों का काफिला; देखकर भागे टेंपो व ई-रिक्शा...

संबंधित समाचार