लखनऊ: लोकसभा चुनाव से पहले UP में Congress की भारत जोड़ो न्याय यात्रा, AICC-PCC की हुई बैठक
लखनऊ, अमृत विचार। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा उत्तर प्रदेश में शुरू होने वाली है। इसको लेकर मंगलवार को राजधानी लखनऊ स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी और पीसीसी के पदाधिकारियों की बैठक हुई।
बैठक में कांग्रेस के यूपी प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा 'मोना', वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया, सुप्रिया श्रीनेत समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा बैठक में हजारों कार्यकर्ता भी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की तरफ से लखनऊ में कांग्रेस का ज्योति से ज्योति कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान डोनेट फॉर न्याय का स्लोगन दिया गया और कांग्रेस पदाधिकारियों को राहुल गांधी के हस्ताक्षर की टीशर्ट भी बांटी गई।
कांग्रेस के यूपी प्रभारी अविनाश पांडे ने बताया कि बैठक में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को उत्तर प्रदेश में सफल बनाने के लिए और संगठन के सशक्तिकरण के लिए प्रदेश के हर सदस्य को यहां जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही साथ क्राउड फंडिंग का आयोजन किया गया है। जिसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष अजय माकन और कांग्रेस मीडिया की प्रभारी सुप्रिया श्रीनेत लोगों को भारत जोड़ो न्याय यात्रा के कार्यक्रम की जानकारी देंगे। उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में लोगों का सहयोग कैसे हो इसको लेकर रणनीति बनाई गई है। राहुल गांधी 6700 किलोमीटर की यात्रा कर रहे हैं और इसकी एक किलोमीटर की लागत में 67 रुपये आ रही है और ये 67 रुपये हर व्यक्ति डोनेट कर सकता है।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : भारत - नेपाल सीमा पर लोगों को निशुल्क इलाज देने जाएंगे 800 डॉक्टर, मुख्यमंत्री करेंगे रवाना
