Bareilly News: मुख्यमंत्री ने कैंट विधायक से मांगा बदायूं रोड पर बस अड्डे का प्रस्ताव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने नाथ नगरी में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नाथ नगरी अभूतपूर्व विकास की राह पर चल पड़ी है। 

अगर बरेली में एम्स, मेट्रो रेलसेवा, बरेली कॉलेज को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने, पीलीभीत रोड को बड़ा बाईपास तक सिक्स लेन करने और आगरा-जयपुर रूट के यात्रियों की सुविधा के लिए बदायूं रोड पर बस अड्डे का निर्माण करा दिया जाए तो इस विकास यात्रा में चार चांद लग जाएंगे।

धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बोलने वाले संजीव अग्रवाल सबसे पहले वक्ता थे। उन्होंने कहा कि मोदी-योगी की सरकार दो संतों की सरकार है जो रामराज्य की परिकल्पना को साकार कर रही है। पर्यटकों के लिए अब भारत में ताजमहल नहीं,अयोध्या मंदिर आकर्षण का केंद्र बन रहा है। देश के तीर्थस्थल धार्मिक पर्यटन के सबसे बड़े केंद्र के रूप में उभरे हैं और लोगों को रोजगार देने के साथ अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रहे हैं ।

कैंट विधायक ने बरेली के विकास के कई मुद्दों का उल्लेख करते हुए उम्मीद जताई कि सरकार उन पर विचार जरूर करेगी। संजीव अग्रवाल ने शाम को मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान भी बरेली के लिए जरूरी विकास कार्यों की मांगों को दोहराया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनसे बदायूं रोड पर बस अड्डे का निर्माण का प्रस्ताव मांगा है।

ये भी पढे़ं- बरेली: युवती ने फंदा लगाकर दी जान, पीलीभीत की रहने वाली एक क्लीनिक पर करती थी काम

 

संबंधित समाचार