Chile: चिली में जंगल की आग ने मचाई तबाही, अबतक 131 लोगों की मौत...1600 बेघर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सैंटियागो। चिली में वालपराइसो क्षेत्र के जंगल में लगी आग से मरने वालों की संख्या बढ़कर 131 हो गई है। देश की कानूनी चिकित्सा सेवा (एसएमएल) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एजेंसी ने एक बयान में कहा कि मृतकों में से 35 की पहचान कर ली गई है, जबकि चिकित्सा और तकनीकी टीमों ने 82 शव परीक्षण किए हैं। 

Image

आठ शवों को उनके परिवारों को सौंप दिया गया है। एजेंसी ने कहा, “एसएमएल इस त्रासदी के पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना दोहराता है और प्रभावित लोगों को त्वरित प्रतिक्रिया प्रदान करने के लिए जितनी जल्दी हो सके कार्रवाई जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखता है।” पिछले शुक्रवार को जंगल में विभिन्न कारणों से लगी आग अभी भी चल रही है। आग से वालपराइसो क्षेत्र के विभिन्न स्थानों में 9,700 हेक्टेयर से अधिक भूमि जल गयी है।

विना डेल मार की मेयर मैकारेना रिपामोंटी ने बताया कि लगभग 3,00,000 आबादी वाले शहर में कम से कम 370 लोगों के लापता होने की सूचना मिली है। विना डेल मार शहर के आसपास आग ने सबसे भीषण तबाही मचाई है और वहां 1931 में स्थापित एक प्रसिद्ध वनस्पति उद्यान रविवार को आग की लपटों में जलकर नष्ट हो गया। आग के कारण कम से कम 1,600 लोग बेघर हो गए हैं।

लगभग तीन लाख की आबादी वाला विना डेल मार शहर एक लोकप्रिय समुद्र तट रिसॉर्ट है और दक्षिणी गोलार्ध की गर्मियों के दौरान एक प्रसिद्ध संगीत समारोह का आयोजन करता है। राष्ट्रपति बोरिक ने चिलीवासियों से बचावकर्मियों के साथ सहयोग करने की अपील की।

ये भी पढ़ें:- US: शिकागो में भारतीय छात्र के साथ बेरहमी से मार-पीट, भारतीय वाणिज्य दूतावास ने दिया परिवार को मदद का आश्वसन

संबंधित समाचार