बरेली: 37 लाख बकाये पर 5 मोबाइल टावरों के कनेक्शन काटे, सीबीगंज और कर्मचारी नगर में संचार सेवाएं प्रभावित
बरेली, अमृत विचार : नगर निगम ने 37 लाख रुपये बकाये पर बुधवार को पांच मोबाइल टावरों के कनेक्शन काट दिये। इससे क्षेत्र में संचार सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। संचार कंपनियों के एग्रीमेंट के बाद भूमि मालिकों ने निगम में टैक्स नहीं जमा किया। एक बकायेदार की मां निगम में कर्मचारी है। टैक्स टीम ने उसका भी कनेक्शन काट दिया है।
निगम की टीम ने जोन- 1 में वसूली के लिए कार्यवाही की। कर निर्धारण अधिकारी विपिन कुलदीप के नेतृत्व में राजस्व निरीक्षक नीरज गंगवार के साथ सीबीगंज में छत्रकली मौर्य के प्लाट पर लगे मोबाइल टावर पर टैक्स अदा नहीं करने पर इसका कनेक्शन काट दिया। निरीक्षक ने बताया कि टावर पर बिजली और जेनरेटर का कनेक्शन होता है।
पोल से आ रहे बिजली कनेक्शन को न छेड़कर मीटर से टावर में जा रही बिजली को काट दिया गया है। बिजली जाने पर आटोमेटिक जनरेटर तो चलेगा लेकिन जब तक उसमें तेल होगा तभी तक टावर चल सकेगा। इसके बाद टावर बंद हो जाएगा। टावरों पर लगे उपकरणों की दिशा को भी बदल दिया गया है।
नीरज गंगवार ने बताया कि इस टावर पर 7 लाख का बकाया था। यहीं पर वेदराम मौर्य के प्लाट पर भी लगे टावर का टैक्स अदा नहीं होने पर इसे भी काट दिया गया। यहां 10 लाख का बकाया था। बिधौलिया में बड़े मियां के टावर पर 7.5 लाख रुपये का बकाया होने पर इसे काट दिया गया है। परसाखेड़ा में जितेन्द्र के प्लाट पर दो मोबाइल टावर लगाए थे और उसी में खाली जगह पर मुर्गी पालन केन्द्र संचालित कर रहे थे।
इन पर 7 लाख का बकाया था। जितेन्द्र की मां निगम में कर्मचारी बताई जा रही हैं। सैदपुर हाकिंस में मकान की खाली जगह पर लगे मोबाइल टावर के कनेक्शन को काटा गया है। इस पर 5.5 लाख रुपये का बकाया था। टावर के कनेक्शन कटने से क्षेत्र में संचार सेवाएं प्रभावित हुई हैं। वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व निगम अपने टैक्स राजस्व को बढ़ाने की कवायद में जुटा है।
