Kanpur: डेढ़ लाख आबादी के लिए नासूर बना चोक नाला; पांच साल से समस्या बरकरार, शिकायत पर नहीं हो रही सुनवाई...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। वार्ड 97 में सफी होटल से बकरमंडी जाने वाली मुख्य सड़क पर नरक फैला है। मैनहोल चोक होने के कारण सड़क और उससे जुड़ीं गलियों में जलभराव है। दुर्गंध के कारण लोगों का सांस लेना दुश्वार रहता है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इस समस्या से करीब डेढ़ लाख की आबादी प्रभावित है। सभी अधिकारियों के संज्ञान में मामला है, मगर सुनवाई नहीं हो रही है। 

chok nala 2

बेकनगंज, कांजी मोहाल निवासी हाजी मोहम्मद अमीम ने बताया कि सफी होटल से बकरमंडी जाने वाली मुख्य रोड से क्षेत्र की अधिकांश आबादी निकलती है। इस रोड पर नाला है, जो लंबे समय से चोक है। सड़क पर जलभराव होने से 2018 में सफाई हुई थी। उस समय नमामि गंगे के तहत एक कंपनी ने सफाई कराई थी, मगर चोक मैनहोल साफ नहीं हो पाए थे। तब से समस्या लगातार बनी है। उसके बाद सफाई नहीं हुई है। 

उन्होंने बताया कि अब तो मुख्य सड़क के साथ उससे जुड़ीं गलियों में भी नाले, मैनहोल का गंदा पानी जमा होने लगा है। आवागमन के समय लोग तरह-तरह के जुगाड़ करते हैं। इस दौरान दर्जनों बार अफसरों से गुहार लगा चुके है, मगर सुनवाई नहीं हुई है। 

वाटर सप्लाई के साथ शुरू होती मुसीबत 

क्षेत्र के मो. मोहसिन, सलीम, शाने आलम ने बताया कि सुबह और शाम की समस्या गंभीर होती है। क्योंकि वाटर सप्लाई शुरू होते ही मैनहोल चोक हो जाते हैं और जलभराव होने लगता है। सुबह जलापूर्ति बंद होने के बाद दिन में करीब चार घंटे की राहत रहती है। इस बीच पानी उतर जाता है। शाम को जलापूर्ति होते ही फिर वही समस्या शुरू हो जाती है। 

सैकड़ों लोग गंदगी में गिर चुके 

वार्ड 97 के मो. दानिस, मो. जीशान, उन्ना जौहरी ने बताया नगर आयुक्त, जलकल के अधिकारी सभी को इस समस्या की जानकारी है। सुबह-शाम जब जलभराव होता है, उसी समय बच्चों का स्कूल, कोचिंग, लोगों के काम पर जाने व आने का समय होता है। ऐसे में जलभराव, गंदगी में अब तक सैकड़ों लोग गिर चुके हैं।

यह भी पढ़ें- Kanpur: RTE Admission के लिए 18 फरवरी तक होगा आवेदन; इस तारीख को होगी आवेदनों की लॉटरी...जानें...

 

संबंधित समाचार