Banda News: खंती में पलटा ट्रैक्टर; बाइकसवार सगे भाई बने हादसे का शिकार; बड़े की मौत...छोटे की हालत गंभीर...
बांदा (बबेरू), अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत विनवठ गांव के पास बाइक को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खंती में पलट गया, जिसमें सवार दो सगे भाइयों में बड़े भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल छोटे भाई को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये जिला मुख्यालय भेज दिया।
.jpg)
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के परसौली गांव के मजरा राजाराम का डेरा निवासी दो सगे भाई रामप्रकाश (55) पुत्र भागवत प्रसाद, राजेंद्र यादव (45) पुत्र भागवत शुक्रवार सुबह ट्रैक्टर से अपना धान बेचने बबेरू कस्बा आए थे। धान बेचने के बाद घर वापस लौटते समय शाम तकरीबन चार बजे विनवठ गांव के पास बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खंती में पलट गया, जिससे दोनों सगे भाई ट्रैक्टर में दब गए।
राहगीरों ने घटना देखते ही परिजनों समेत जानकारी पुलिस को दी। मौके पर फोर्स के साथ वहां पहुंचे कोतवाली प्रभारी राजकुमार व तुषार श्रीवास्तव ने फौरन जेसीबी के माध्यम से खंती में पलटे ट्रैक्टर को निकाला, जिसमें बड़े भाई रामप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटो भाई राजेंद्र यादव गम्भीर रूप से घायल हो गया।
उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रिफर कर दिया। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पत्नी रजवंती का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की चार पुत्रियां और दो पुत्र हैं।
यह भी पढ़ें- Kanpur News: कल से होगा बिठूर महोत्सव का आगाज; विंटेज कार रैली होगी आकर्षण का केंद्र...
