Kanpur News: स्कूली वाहनों की अराजकता बरकरार: अरौल हादसे के बाद भी नहीं चेते; ठूंस-ठूंस कर गाड़ियों में भरे गए बच्चे...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। बिल्हौर के अरौल में हुए भीषण हादसे के बाद भी स्कूली वाहनों की अराजकता सामने देखने को मिली। छुट्टी के बाद ई-रिक्शा, वैन व बसों में चालक बच्चों को ठूंस-ठूंस कर ले जाते हुए दिखाई दिए। हालांकि कुछ प्रमुख स्कूलों के बाहर पुलिस चेकिंग अभियान चलाती नजर आई, जो नाकाफी दिखा। चेकिंग अभियान देख वाहन चालक चेकिंग गाड़ियों में पर्दा डाल कर गुजरते हुए नजर आए। 

बच्चे 2

गुरुवार दोपहर अरौल स्थित सोनेलाल पटेल एजुकेशन के 13 छात्रों को लेकर स्कूली वैन जा रही थी। कानपुर-अलीगढ़ हाईवे पर सरैया गांव के सामने पीछे से आ रहे लोडर ने स्कूली वैन में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे वैन अनियंत्रित होकर ट्रक में घुस गई थी। हादसे में 13 वर्षीय छात्र यश तिवारी की मौत हो गई थी, जबकि आठ बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने घायलों को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया था। 

भीषण हादसे के बाद भी शुक्रवार को जिम्मेदार नहीं चेते। शुक्रवार को शहर भर के स्कूलों के बाहर ई-रिक्शा, वैन व बसों में बच्चे भूसे की तरह भर कर जाते दिखाई पड़े। ई-रिक्शों में चार की जगह आठ से 10 बच्चे भर कर जाते दिखे। जर्जर हालत में स्कूली वैन व बसों से में बच्चे भर कर जाते रहे, लेकिन जिम्मेदार आंखे बंद किए रहे। बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्कूल प्रबंधन, पुलिस प्रशासन और यहां तक की अभिभावक भी लापरवाही बररते नजर आए। 

साढ़ हादसे के बाद सड़क सुरक्षा के इंतजाम की दी गई थी जिम्मेदारी

साढ़ थानाक्षेत्र में ट्रैक्टर ट्राली पलटने से 26 लोगों की मौत की घटना के बाद सीएम ने उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर आरटीओ के प्रवर्तन दल को नियमों का उल्लंघन करने पर चालान के साथ सड़क सुरक्षा के इंतजाम की भी जिम्मेदारी सौंपी थी। दस्ते की जिम्मेदारी थी कि हादसे वाले स्थानों पर हादसों का कारण, संबंधात मार्ग ब्लैक स्पॉट में तो शामिल नहीं समेत करीब 10 बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार करनी थी। प्रवर्तन दल ने कुछ दिनों तो अभियान चलाया, लेकिन इसके बाद सब ठंडे बस्ते में चला गया था। 

दो वाहन सीज, नौ का चालान

भीषण हादसे के बाद एआरटीओ प्रवर्तन राजेश सिंह राजपूत, एआरटीओ मानवेंद्र सिंह व पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान प्रवर्तन दल को वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चे मिले, साथ ही कई वाहनों के फिटनेस व परमिट भी नहीं मिले। जिस पर प्रवर्तन दल ने दो वाहनों को सीज किया साथ ही नौ स्कूली वाहनों का चालान किया गया। एआरटीओ राजेश सिंह राजपूत ने बताया कि अर्मापुर क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान वाहनों को सीज किया गया है। चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें- Kanpur: 'पार्टी करने के बाद घर आऊंगा'... डिलीवरी मैन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत; परिजनों ने जताया दोस्तों पर हत्या का शक...

 

 

संबंधित समाचार