मुरादाबाद : मैनाठेर के इब्राहिम हेल्थ केयर संचालक के खिलाफ एफआईआर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद। डिप्टी सीएमओ ने इब्राहिम हेल्थ केयर के संचालक मोहम्मद जीशान के विरुद्ध इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट के तहत मैनाठेर थाने में एफआईआर दर्ज करा दी है। शुक्रवार देर रात में दर्ज हुए मामले में डिप्टी सीएमओ डॉ. नरेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया है कि एडीएम प्रशासन के निर्देश पर उन्होंने शुक्रवार को ही इब्राहिम हेल्थ केयर का निरीक्षण किया था। यह अस्पताल मैनाठेर कोतवाली के बाजार मैदान में मंदिर के पीछे संचालित किया जा रहा है।

संचालक मोहम्मद जीशान की शैक्षिक योग्यता बीएससी नर्सिंग और आमीर हुसैन की इंटरमीडिएट बताई गई है। ये लोग निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मौजूद भी थे। संचालक ने डिप्टी सीएमओ को बताया है कि वह छह महीने से अस्पताल चला रहे हैं। डिप्टी सीएमओ को अस्पताल में मेडिकल स्टोर भी चलता मिला है। अस्पताल में आठ बेड, जिनमें से एक रेडिएंट हिट वार्मर, ऑक्सीजन सिलेंडर एक, मेडिसीन ट्रे, ऑटो क्लेव, सक्शन मशीन स्थापित पाए गए हैं। मौके पर मरीज ओमवती पत्नी ओमकार निवासी 26/फ नरोदा कुंदरकी जिनकी एलएससीएस सात फरवरी 2024 को अस्पताल में भर्ती पाई गई है।

इस रोगी के ऑपरेशन के बारे में पूछा गया तो संचालक मोहम्मद जीशान ने बताया है कि डॉ. अब्दुल मजीद ने ऑपरेशन किया है और ये डॉक्टर एमबीबीएस एमएस हैं। लेकिन, डिप्टी सीएमओ को अस्पताल के निरीक्षण के दौरान मौके पर कोई भी चिकित्सक या पैरामेडिकल स्टॉफ प्रशिक्षित नहीं पाया गया है।

डिप्टी सीएमओ ने पुलिस को बताया है कि अस्पताल संचालक से पंजीकरण के संबंध में कागज मांगे गए तो वह प्रस्तुत नहीं कर पाए हैं। कुल मिलाकर यह अस्पताल सीएमओ कार्यालय में पंजीकृत भी नहीं है। डिप्टी सीएमओ ने कहा कि अस्पताल की अव्यवस्थाओं और अप्रशिक्षित स्टॉफ होने से स्पष्ट है कि संचालक द्वारा इलाज के नाम पर पैसे की कमाई और आम जनमानस के जीवन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। अस्पताल में फायर सेफ्टी की कोई उचित व्यवस्था नहीं पाई गई है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : जन्मजात नहीं है कुष्ठ रोग, समय से कराएं इलाज

संबंधित समाचार