ठगी या साजिश, रहस्य का पर्दाफाश करने के लिए अमेठी पुलिस ने दर्ज किया केस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मां के हाथों ही भिक्षा लेने पर अड़ा था जोगी, परिजन समझ बैठे थे अपनी संतान, प्रेम में ठग ले गया अनाज और पैसा 

अमेठी, अमृत विचार। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर इन दिनों एक वीडियो जमकर वायरल हो रही है। जैसे-जैसे दिन गुजरते गए, वैसे-वैसे रहस्यों से पर्दा उठता गया। अफवाहें अब यह रही कि बीते दिनों जोगी के भेष में आये युवक ने एक घर में मां के ही हाथों भिक्षा लेने की बात पर अडिग था। जिस पर परिजन उसे अपनी ही संतान समझ बैठे थे। बदले में भिक्षा के नाम पर अनाज के साथ भारी भरकम रकम भी दे डाली थी, और परिजन घर वापसी के लिए हर जतन अपनाने को तैयार थे। लेकिन दिन ब दिन बीतने से परिजन और जोगी में दूरियां बनती जा रही है, जिससे ग्रामीणों में रहस्य भी बरकरार रहा। अंत में शनिवार को पुलिस ने केस दर्ज कर पर्दाफाश करने की तैयारी में जुट गई है। 

दरअसल कोतवाली जायस क्षेत्र के गांव खरौली के रहने वाले रतीपाल सिंह अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहकर नौकरी पेशा करते थे। वर्ष 2002 में रतीपाल का 11 वर्षीय बेटा अरुण कुमार उर्फ पिंकू संदिग्ध परिस्थियों में गायब हो गया था। तलाश के बाद जब अरुण कुमार नहीं मिला तो परिजनों ने दिल्ली के खजुरी थाने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। जनवरी के आखिरी सप्ताह में खरौली गांव में दो युवक जोगी के वेश में घर-घर भिक्षा मांगने आये थे। घर में मौजूद रतीपाल की बहन उसे दो दशक पूर्व अचानक लापता हुए भतीजे अरुण कुमार समझ बैठी। सारंगी की धुन पर एक जोगी ने भजन गया तो परिजन रोने लगे। 

रतीपाल को इसकी भनक लगी तो बेटे के मोह में वह भी गांव आ गए थे। गृहस्थ जीवन में वापस लाने के लिए परिजनों ने जोगी की सारी शर्ते पूरी करने के लिए हामी भर ली थी। जोगी की विदाई में ग्रामीणों ने करीब 15-16 कुन्तल अनाज और लाखों रुपये चंदा के रूप में व जोगी को संपर्क में रहने के लिए मोबाइल हैंडसेट भेंट कर रवाना कर दिया था। परिजनों ने बेटे को मठ से मुक्त करने के लिए बात की तो बात 11 लाख रुपये से शुरुआत हुई और अंततोगत्वा तीन लाख 60 हजार रुपये पर तय हुआ था। परिजनों ने जैसे तैसे पैसे की व्यवस्था कर जोगी से संपर्क किया तो उसने खाते पर पैसा भेजने की बात कही। इस बात को सुनकर परिजनों को शक होने लगा। उसके बाद से ही जोगियों के संपर्क में न रहने से परिजन अपने आपको अब ठगा महसूस कर रहे हैं। कोतवाली पुलिस ने दृगपाल सिंह से मिली तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। सीओ तिलोई डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही खुलासे के लिए संबंधित को निर्देशित किया गया है।

ये भी पढ़ें -विधानसभा सत्र में बोले सपा विधायक राकेश सिंह-वर्दी की धमक होनी चाहिए आतंक नहीं...

संबंधित समाचार