बहराइच: पुलिस की मौजूदगी में हमलावरों ने छह को मारपीट कर किया घायल
भूमि की जुताई के दौरान हमलावरों ने अंजाम दी वारदात
बहराइच, अमृत विचार। जिले में अपराध का ग्राफ काफी बढ़ रहा है। हालात यह है कि पुलिस की मौजूदगी में भी हमलावर वारदाते अंजाम देने से नही चूक रहे है। शनिवार सुबह भूमि की जुताई को पहुंचे किसान को दूसरे पक्ष ने रोका तो यूपी डायल 112 पीआरवी टीम पहुंच गई।
पुलिस की मौजूदगी में आधा दर्जन हमलावरों ने जमकर लाठियां भांजी। जिसमें छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव में अफरा तफरी मच गई। थाने से पुलिस के आने की भनक पर हमलावर फरार हो गए। घायलों को आनन फानन में पुलिस ने घायलों को चिरैया टांड़ सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने घायलों की हालत नाजुक बनी हुई देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
हुजूरपुर थाने के राम राखन सिंह पुत्र सुबेदार सिंह की कृषि भूमि गांव में ही है। शनिवार सुबह लगभग दस बजे खेत की जताई को पहुंचे। तो गांव के ही लवकुश सिंह सहित आधा दर्जन से अधिक लोग मौके पर पहुंचे और विवाद कर खेत जोतने से रोक दिया।
इसी दौरान सूचना पर यूपी डायल 112 की पीआरवी टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद अचानक लाठियां चलाई गई। खेत जोतने को पहुंचे राम राखन सिंह जान बचा कर भागे। तो हमलावरों ने उन्हे दौड़ा लिया। उन्हें बचाने आए भतीजे निहाल सिंह, उमेश प्रताप सिंह पुत्रगण इन्द्राज सिंह, रमन सिंह, इनके पुत्र सुरजन सिंह, प्रशांत सिंह बचाने दौड़े। तो हमलावरों ने छहो लोगों को घेराबंदी कर मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना पर जब थाने की पुलिस पहुंची। तो हमलावर मौके से खिसक लिए।
सभी घायलों को पुलिस चिरैया टांड़ सीएचसी लाई। चिकित्सकों ने घायलों की हालत गंभीर पाए जाने पर शहर स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दोनों पक्षों के लोग घायल हुए है। इस मामले में थानाध्यक्ष दिलीप कुमार शुक्ला से बात की गई तो उन्होंने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद केस दर्ज किया जायेगा।
यह भी पढ़ें:-आगरा: युवक को होटल में बनाया बंधक, परिजनों से मांगी फिरौती, एक गिरफ्तार
