बरेली: हाथरस जा रहे मौलाना तौकीर रजा को पुलिस ने रोका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। पीड़ित परिवार की मदद करने जा रहे आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां को पुलिस ने बिहारीपुर चौकी के पास रोक लिया। विरोध में कार्यकर्ता चौकी परिसर के सामने सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। सूचना पर सीओ प्रथम और सिटी मजिस्ट्रेट भी मौके पर पहुंच गए। मौलाना तौकीर रजा अपने समर्थकों …

बरेली, अमृत विचार। पीड़ित परिवार की मदद करने जा रहे आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां को पुलिस ने बिहारीपुर चौकी के पास रोक लिया। विरोध में कार्यकर्ता चौकी परिसर के सामने सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। सूचना पर सीओ प्रथम और सिटी मजिस्ट्रेट भी मौके पर पहुंच गए। मौलाना तौकीर रजा अपने समर्थकों के साथ हाथरस जाने की जिद पर अड़े थे मगर बाद में अधिकारियों के साथ हुई वार्ता के बाद मौलाना ने हाथरस जाने का कार्यक्रम टाल दिया।

पूर्व घोषित कर्यक्रम के अनुसार शनिवार की दोपहर मौलाना तौकीर रजा खां हाथरस जाकर पीड़ित परिवार की मदद करने निकले थे। जैसे ही वह बिहारीपुर पुलिस चौकी पर पहुंचे तो उन्हें रोक लिया गया। विरोध में कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। मौलाना तौकीर का कहना था कि उन्हें या तो जाने दिया जाए या फिर गिरफ्तार किया जाए। पुलिस उन्हें किस कानून के आधार पर जाने से रोक रही है। बाद में मीडिया से बातचीत में आईएमसी प्रमुख ने कहा कि सरकार नाकाम हो चुकी है। प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं है।

जिस बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई उसके परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है। इससे बड़ा अन्याय कहां हो सकता है। सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए कानून के साथ खिलवाड़ कर रही है। इस मौके पर डा. नफीस खान, नदीम खान, मीडिया प्रभारी मुनीर इदरीसी अफजाल बेग, इफ्तेखार कुरैशी, हफीज शराफत, शमशाद प्रधान, सलीम खान, राशिद चौधरी, फरहान रजा खान,नोमान रजा खान, रुखसार रजा खान, अनवर रजा खान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रगतिशील समाजवादी छात्र सभा ने निकाला कैंडल मार्च
हाथरस की घटना के बाद हर तरफ गम और गुस्से का माहौल है। तमाम संगठन हाथरस के आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं। शनिवार को प्रगतिशील समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष राशिद मेवाती के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला गया। इसमें सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने हाथरस पीड़िता के आरोपियों को फांसी देने की मांग उठाकर उसके परिवार की आर्थिक मदद कर सुरक्षा देने की मांग की है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष युवजन सभा विशाल यादव, प्रवक्ता रविंद्र यादव, संजय मेवाती, आमिर,मोहित, संजू, फैज अजहर, रूद्र प्रताप मिश्रा, अयाज खान, आबिद हुसैन समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

भारतीय राष्ट्रवादी दल ने किया प्रदर्शन
भारतीय राष्ट्रवादी दल ने हाथरस की घटना को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। शुक्रवार को दल के कार्यकर्ताओं ने हाथरस की घटना पर विरोध जताते हुए धरना-प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित राठौर ने कहा कि हाथरस घटना निर्भया कांड की याद दिलाती है। सरकार को पीड़िता के साथ घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को फांसी की सजा देनी चाहिए। अधिकारियों के माध्यम से राज्यपाल और यूपी सरकार को भेजे गए ज्ञापन में दुष्कर्म की घटना पर सख्त कानून बनाकर आरोपियों को कठोर सजा देने का प्रवधान लागू करना चाहिए जिससे अपराधियों के मन में खौफ रहे।

संबंधित समाचार