गोंडा: जमीन विवाद में चाचा ने भतीजे पर भाले से किया हमला, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लहूलुहान हालत में घायल का चल रहा इलाज

गोंडा, अमृत विचार। परसपुर थाना क्षेत्र के शुक्लनपुरवा दुबाई गांव में रविवार को जमीन विवाद को लेकर चाचा ने भतीजे पर भाले से हमला कर दिया। घायल भतीजे को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने आरोपी चाचा समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है।

परसपुर थाना क्षेत्र के शुक्लनपुरवा दुबाई गांव के रहने वाले राम दयाल शुक्ला के मुताबिक जमीन बंटवारे को लेकर उसका अपने चाचा से विवाद चल रहा है‌। आरोप है कि उसके पिता की मृत्यु के बाद उसके चाचा बंटवारे में सीनाजोरी कर रहे हैं और उसके परिवार को परेशान कर रहे हैं। इसी विवाद को लेकर रविवार की सुबह उसके चाचा ने उसपर भाले से हमला कर दिया। भाला उसकी पीठ में घुस गया और वह घायल हो गया।

भाई शिवदयाल बचाने दौड़ा तो उसे भी लाठी डंडे से जमकर पीटा। वारदात को अंजाम देकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग खड़े हुए। घायल राम दयाल को इलाज के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राम दयाल ने आरोपी संतोष शुक्ला, विशंभर व नानमून के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है। थानाध्यक्ष शेष मणि पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-UP: सीएम सामूहिक विवाह आयोजन में सख्ती, एक बार में नहीं होंगी 100 से अधिक शादियां

 

संबंधित समाचार