बाराबंकी : विदेश भेजने के नाम पर तीन लोगों से 3 लाख 15 हजार ठगे, मुकदमा दर्ज  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मसौली /बाराबंकी, अमृत विचार। सऊदी अरब भेजने के नाम पर तीन लोगों से 3 लाख 15 हजार रुपये की ठगी करने वाले कबूतरबाज बड़ागांव निवासी मो आफ़ताब के विरुद्ध जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना मसौली मे मुकदमा दर्ज किया गया है।  
    
शनिवार को थाना मसौली मे आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी सतेन्द्र कुमार और पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के सामने बड़ागांव निवासी जान मोहम्मद पुत्र मोहम्मद उमर,  ग्राम गुरसेल थाना फतेहपुर निवासी उस्मान पुत्र हसमत , ग्राम इब्राहिमपुर थाना फतेहपुर निवासी हकीक पुत्र इम्तियाज ने फरियाद लगाई कि करीब एक वर्ष पूर्व बड़ागांव निवासी मोहम्मद आफ़ताब पुत्र महबूब ने तीनों लोगो को सऊदी अरब भेजनें के लिए कुल 3 लाख 15 हजार रुपये लिया था। रुपया लिये जाने के बाद जब भी भुक्तभोगी सऊदी अरब भेजनें के लिए कहते तो टाल मटोल करते हुए जल्द सऊदी अरब या बहरीन भेजने की बात करता रहता था। जुलाई 2023 में आफ़ताब ने तीनो लोगो से कहा कि सऊदी अरब का कोई वीजा नहीं है, दुबई मे प्लांबर के तीन वीजा है अगर जाना चाहो तो चले जाओ पैसा फंसा होने के कारण तीनो दुबई जाने को तैयार हो गये। 10 अगस्त को तीनो लोग लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंचे। जालसाज ने तीनो लोगो को एक एक महीने का टूरिस्ट वीजा  देते हुए कहा कि तुम लोग दुबई पहुंचो वहां पर कम्पनी से दो दो साल का वीजा मिलेगा। तीनो पहली अगस्त को ही दुबई पहुंच गये। दुबई एयरपोर्ट पहुंचते ही तीनो को अहसास हुआ कि हम लोगो के साथ ठगी की गयी है। क्योंकि कबूतरबाज मो आफ़ताब ने जिस एजेंट का नंबर दिया था वह दुबई मे न हो कर इंडिया मे ही था। बहरहाल तीनो भुक्तभोगी अपने खर्च से बतायी गयी कम्पनी के गेट पर पहुंचे तो वहां पर मौजूद अधिकारी  एव कर्मचारियों ने बताया कि इस कम्पनी मे प्लंबर का कोई भी काम नहीं होता है आप लोगो के साथ धोखाधड़ी की गयी है।  

विदेश मे फंसे तीनो ने मो आफ़ताब से सम्पर्क किया तो उसने बताया कि वहीं कम्पनी के गेट पर बने रूम में रुको हमारा एजेंट आप लोगो को लेने आयेगा करीब 1 हफ्ते तक रुकने के बाद भी कोई एजेंट मिलने नहीं आया और कम्पनी गेट पर मौजूद कर्मचारियों ने भी भगा दिया। तीनो ने अपने अपने घरो से पैसा मंगा कर 20 अगस्त को घर वापस लौट आये। 

शनिवार को थाना समाधान दिवस मे जब भुक्तभोगियों ने जिलाधिकारी सतेन्द्र कुमार एव पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह से फरियाद लगायी तो अधिकारियो ने प्रभारी निरीक्षक मसौली से मामले को पंजीकृत करने का निर्देश दिया। 

ये भी पढ़ें -बाराबंकी : बेनी प्रसाद वर्मा की समाधि पर पूर्व मंत्री ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

संबंधित समाचार