शाहजहांपुरः निष्प्रयोज्य रेल लाइन हस्तांतरित कराने की कवायद में जुटे राज्यसभा सांसद

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

शाहजहांपुर,अमृत विचार: महानगर में निष्प्रयोज्य रेलवे लाइन राज्य को हस्तांतरित व उपयोग की अनुमति प्रदान किए जाने के संबंध में राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया ने बरेली एडीआरएम विवेक गुप्ता, सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा से शाहजहांपुर स्थित आवास कार्यालय पर वार्ता की। 

इस दौरान राज्यसभा सांसद ने अधिकारियों को बताया कि उत्तर पूर्व रेलवे के आधीन रेलवे की निष्प्रयोज्य भूमि शहबाजनगर से केरूगंज तक तथा इंदिरा नगर से मघईटोला, बहादुरपुरा से बहादुरगंज तक है। नगर निगम के गठन के पश्चात शाहजहांपुर नगर के विस्तारीकरण की प्रक्रिया में गतिमान होने के कारण नगर के चारों ओर बहुत तेजी से नगरीकरण हो रहा है।

जिससे यातायात का दबाव नगर के लगभग समस्त मार्गों पर हो रहा है। शाहजहांपुर राज्य स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत चयनित है। महानगर क्षेत्र में जनसंख्या का घनत्व अधिक होने के कारण यातायात का दबाव भी अधिक है। इसलिए उक्त दोनों अप्रयुक्त रेलवे भूमि हस्तांतरण व उपयोग की अनुमति प्राप्त होने से शाहजहांपुर जनपद एवं शाहजहांपुर महानगर में यातायात की समस्या का दीर्घकालिक सुगम व स्थाई समाधान हो सकेगा।

रेलवे के नियंत्रणाधीन उक्त क्षेत्र के अतिक्रमण से मुक्त होकर सुरक्षित रहेगा। सार्वजनिक परिवहन के साथ-साथ ही हरित पट्टी का विकास एवं अन्य जन उपयोगी सुविधाओं का विकास किया जा सकेगा। जिससे संपूर्ण क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहेगी और स्वच्छ पर्यावरण के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।

उक्त क्षेत्र जनपद एवं महानगर की जन आकांक्षाओं के अनुरूप विकास में सहायक सिद्ध होगा। जिससे महानगर शाहजहांपुर के साथ-साथ संपूर्ण जनपद के नागरिक लाभान्वित होंगे तथा निकटवर्ती जनपदों के विकास में भी मिल का पत्थर साबित होगा।

ये भी पढ़ें - शाहजहांपुरः ढाईघाट मेले में लगी आग, आग बुझाने के प्रयास में संत झुलसा, आश्रम की एक झोपड़ी और टेंट जलकर खाक

संबंधित समाचार