लखीमपुर-खीरी: पंपिंग सेट लेकर जा रहे तीन सगे भाइयों पर जानलेवा हमला, घायल
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। थाना खीरी के गांव भीरा घासी में खेत से पंपिंग सेट लेकर घर जा रहे तीन सगे भाइयों को हमलावरों ने घेर लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। बीच बचाव करने आई एक अन्य महिला को भी लाठी मारकर घायल कर दिया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना खीरी के गांव भीरा घासी निवासी यासीन ने बताया कि रविवार की दोपहर बाद उसके भाई हसमत अली, नियामत अली और अजमत अली अपने खेत से पम्पिंग सेट लेकर घर वापस आ रहे थे। पुरानी रंजिश के कारण गांव के बाहर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय से पहले घात लगाए बैठे गांव के ही जावेद, शकील रहीमुद्दीन और जमील ने जान से मारने की नियत से धारदार हथियार से हमला कर दिया।
तीनों भाई जान बचाने के लिए पड़ोस में रहने वाले डॉक्टर विनोद के घर घुस गए तो हमलावर भी पीछे से आ गए और पिटाई करने लगे। डा. विनोद की मां ने जब बीच बचाव की कोशिश की तो हमलवरों ने उनके पैर में लाठी मार दी, जिससे चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों के विरोध करने पर आरोपी जान से मार देने की धमकी देकर मौके से भाग निकले। चारों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टर ने महिला समेत दो लोगों को प्राथमिक उपचार कर छुट्टी दे दी, जबकि हसमत और नियामत का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: प्रमुख स्वीट्स व्यापारी को फोन पर दी धमकी, पुलिस से भी की अभद्रता
