लखीमपुर-खीरी: प्रमुख स्वीट्स व्यापारी को फोन पर दी धमकी, पुलिस से भी की अभद्रता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डेमो इमेज

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। शहर के प्रमुख स्वीट्स व्यापारी को किसी अज्ञात युवक ने मोबाइल पर कॉल की और गाली गलौज कर जान से मार देने की धमकी दी। व्यापारी के कोतवाली पहुंचने पर पुलिस ने जब कॉलर से बात की तो उसने पुलिस से भी खूब अभद्रता की। घटना के बाद से व्यापारी और उसका परिवार दहशत में है। पुलिस ने व्यापारी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

शहर के मोहल्ला ईदगाह निवासी शिव दयाल गुप्ता शहर के प्रमुख मिष्ठान कारोबारी हैं। उन्होंने बताया कि घटना दस फरवरी की शाम को हुई। वह अपने घर पर मौजूद थे। शाम करीब साढ़े चार बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल रिसीव करते ही कॉलर अभद्रता करते हुए गाली गलौज करने लगा। जब उन्होंने गाली गलौज का विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी और कॉल डिस्कनेक्ट कर दी। इसके बाद वह कोतवाली सदर पहुंचे और पूरी घटना बताई। 

पुलिस ने जब कॉलर से मोबाइल पर कॉल कर बात की तो उसमें पुलिस का कोई खौफ नहीं दिखाई दिया। वह पुलिस से भी उलझ गया और खरी खोटी सुनाते हुए अभद्रता करने लगा। इस पर पुलिस ने उससे बात न करना ही बेहतर समझा और कॉल डिस्कनेकट कर दी। व्यापारी का कहना है कि आरोपी कई दिनों से फोन कर गाली गलौज कर रहा था और धमका रहा था। 

उन्होंने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। न ही किसी से कोई विवाद हुआ है। उनकी खुद भी समझ में नहीं आ रहा कि आखिर कालर ने उनके साथी क्यों गाली गलौज की और धमकी दी। जान से मारने की धमकी मिलने के बाद से व्यापारी और उसका पूरा परिवार दहशत में है। उन्होंने रविवार को सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी थी, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

प्रभारी निरीक्षक सदर अंबर सिंह ने बताया कि मिष्ठान व्यापारी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सर्विलांस सेल की मदद से आरोपी की पहचान कराई जा रही है। पुलिस छानबीन कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस से अभद्रता करने जैसी कोई बात नहीं है।

ये भी पढे़ं- लखीमपुर खीरी: गड़बड़ी...हाईस्कूल छात्रा के एडमिट कार्ड पर जेंडर लिख दिया मेल 

 

 

संबंधित समाचार