Bareilly News: बरामदे में बैठकर बीएएमएस छात्रों की देनी पड़ रही परीक्षा
क्षमता से अधिक परीक्षार्थी होने की वजह से हो रही परेशानी
बरेली, अमृत विचार। एसआरएम राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज एवं चिकित्सालय में क्षमता से अधिक परीक्षार्थी होने की वजह से परेशानी हो रही है। कक्षों में जगह नहीं होने पर छात्रों को बरामदे में बैठाकर परीक्षा कराई जा रही है। जबकि कॉलेज प्रशासन ने रुहेलखंड विश्वविद्यालय प्रशासन को केंद्र बनाने से होने वाली समस्या बताई थी।
बीएएमएस की परीक्षा करीब डेढ़ महीने से चल रही हैं। एसआरएम राजकीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में स्वकेंद्र के अलावा दो अन्य मेडिकल कॉलेजों का भी केंद्र रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने बनाया है। तीन कॉलेजों के छात्रों की संख्या 250 से अधिक होने पर कक्ष में जगह नहीं बचती है, जिसकी वजह से पहली मंजिल में बरामदे में छात्रों को परीक्षा में बैठाया जाता है। इस बारे में विश्वविद्यालय प्रशासन को भी अवगत कराया गया लेकिन इसके बावजूद भी दूसरे कॉलेज के केंद्र बना दिए। कॉलेज में परीक्षा कराने के लिए चार कक्ष हैं। वहीं जरूरत पड़ने पर म्यूजियम और लाइब्रेरी को भी परीक्षा कक्ष में तब्दील कर दिया जाता है।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय को अधिक छात्रों की परीक्षा कराने में असमर्थता जताई थी। इसके बावजूद दो कॉलेजों के केंद्र बना दिए गए। ऐसे में छात्रों को बरामदे में बैठाकर परीक्षा करानी पड़ रही है। -प्रो. डीके मौर्य प्राचार्य व अधीक्षक, एसआरएम राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज एवं चिकित्सालय
ये भी पढ़ें- Bareilly News: ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन समेत 12 जगह बिजली चोरी पकड़ी, रिपोर्ट दर्ज
