Bareilly News: ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन समेत 12 जगह बिजली चोरी पकड़ी, रिपोर्ट दर्ज
विजिलेंस की टीम ने चेकिंग अभियान चलाया
बरेली, अमृत विचार। शहर में चोरी की बिजली से ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन चल रहा था। विजिलेंस टीम ने अभियान के तहत बिजली चोरी पकड़ी। इसके अलावा पांच अन्य मकानों में भी बिजली चोरी पकड़ी गई। इसके अलावा मार्निंग रेड में मथुरापुर में छह घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सीओ विजिलेंस मीनाक्षी शर्मा के निर्देश पर मंगलवार की सुबह शहरी क्षेत्र की विजिलेंस टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान प्रेमनगर क्षेत्र के मोहल्ला कानून गोयान में सैफ खान के यहां पर पोल से सीधा केबिल डालकर चोरी की बिजली से ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन चलाया जा रहा था। यहां पर 19 ई-रिक्शा चार्ज हाेते मिले। जांच में सामने आया कि 20 किलोवाट की बिजली चोरी हो रही थी।
इसके अलावा इज्जतनगर क्षेत्र के परतापुर जीवन सहाय में शमशादी, उवैश खां, बाबू उर्फ करते खां, गौरीशंकर और संजयकुमार के मकान पर भी बिजली चोरी पकड़ी गई। टीम में उपनिरीक्षक नरेश कुमार, अवर अभियंता इंद्रजीत शामिल रहे। इसके अलावा परसाखेड़ा उपकेंद्र से जुड़े मथुरापुर गांव में टीम ने मार्निंग रेड में छह घरों में बिजली चोरी पकड़ी।
ये भी पढ़ें- Bareilly News: नई फसल की आवक से लहसुन के दाम 150 रुपये किलो घटे
