Bareilly News: नई फसल की आवक से लहसुन के दाम 150 रुपये किलो घटे
बरेली, अमृत विचार। मंडी में नई आवक आने से लहसुन के दाम में 150 रुपये प्रति किलो की गिरावट आई है। पिछले कई दिनों से लहसुन के दाम बढ़ने से लोग परेशान हो रहे थे। अब थोक में 500 रुपये किलो तक बिक रहा लहसुन 350 रुपये तक बिकने लगा। इस बार सबसे अधिक उत्पादन वाले राज्य मध्य प्रदेश और राजस्थान में बिना मौसम बारिश के कारण लहसुन की फसल खराब हो गई थी। इसकी वजह से लहसुन महंगा हो गया था।
फुटकर में 650 से 700 रुपये किलो दाम पहुंच गए थे। मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष शुजा उर रहमान का कहना है कि मंडियों में लहसुन की नई आवक शुरू हो गई। मंगलवार को तीन गाड़ियां मध्य प्रदेश से मंडी आईं। थोक में लहसुन के थोक भाव 150 रुपये किलो तक घट गए हैं। कहा कि लहसुन के दाम में आगे भी गिरावट जारी रहेगी। उम्मीद है कि अगले एक सप्ताह में लहसुन की कीमत 150 रुपये किलो के आसपास आ जाएगी।
किसानों के आंदोलन का दिख सकता है असर
किसानों के आंदोलन से सब्जियों और फलों के दामों पर असर पड़ सकता है। मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष शुजा उर रहमान का कहना है कि मुंबई, आगरा, पुणे, बंगाल से अधिकांश सब्जियां आती हैं। सब्जियों की आवक में गिरावट की स्थिति का पता मंगलवार को ही पता चल सकेगा।
ये भी पढ़ें- Bareilly News: हल्द्वानी हिंसा के मास्टरमाइंड अब्दुल मलिक का बरेली में भी जमीन विवाद से कनेक्शन
