Rajya Sabha Elections 2024: कांग्रेस ने राजस्थान से सोनिया गांधी और हिमाचल से सिंघवी को बनाया उम्मीदवार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए बुधवार को अपने चार उम्मीदवारों की घोषणा की जिनमें सबसे प्रमुख नाम पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी का है जो राजस्थान से प्रत्याशी हैं। 

पार्टी ने वरिष्ठ अधिवक्ता और अपने प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी को हिमाचल प्रदेश से उम्मीदवार बनाया है। सिंघवी फिलहाल पश्चिम बंगाल से राज्यसभा सदस्य हैं। उनका कार्यकाल अप्रैल में पूरा हो रहा है। 

पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, बिहार से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह को राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित किया गया है। वह फिलहाल बिहार से ही राज्यसभा सदस्य हैं। उनका कार्यकाल अप्रैल में पूरा हो रहा है। 

कांग्रेस के महाराष्ट्र के अपने वरिष्ठ नेता चंद्रकांत हंडोरे को प्रदेश से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। सोनिया गांधी वर्ष 1999 से लगातार लोकसभा सदस्य हैं। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। वह अमेठी से भी लोकसभा सदस्य रह चुकी हैं। यह पहली बार होगा कि वह संसद के उच्च सदन में जाएंगी। 

कांग्रेस ने फिलहाल मध्य प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना से राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की शुरुआत 8 फरवरी से हो चुकी है और इसकी आखिरी तिथि 15 फरवरी है। नामांकन पत्रों की जांच 16 फरवरी को होगी, जबकि उम्मीदवार 20 फरवरी तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। यदि आवश्यक हुआ तो 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना होगी। 

ये भी पढे़ं- राज्यसभा चुनाव: बीजेपी ने वैष्णव को ओडिशा से और एल मुरुगन को मध्य प्रदेश से उम्मीदवार किया घोषित

 

संबंधित समाचार