अमृत भारत योजना : संवर रहा रेलवे स्टेशन, जल्द मिलेगी एस्केलेटर और फुट ओवरब्रिज की सुविधा
डीआरएम ने रेलवे स्टेशन पर चल रहे कार्यों का किया निरीक्षण
रायबरेली, अमृत विचार। अमृत भारत योजना से रेलवे स्टेशन की तस्वीर बदल रही है। सबकुछ ठीक रहा तो जल्द एस्केलेटर और फुट ओवरब्रिज की सुविधा यात्रियों को मिलने लगेगी। उक्त बातें बुधवार को डीआरएम एसएम शर्मा ने अमृत भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशन पर चल रहे कायाकल्प को लेकर निरीक्षण के दौरान कही। इस दौरान उन्होने द्वितीय निकास, एफओबी, इंट्री गेट, प्रतीक्षालय कक्ष सहित यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं को देखा। साथ ही स्टेशन की साफ सफाई का भी निरीक्षण किया। निर्माण करा रही संस्थाओं से कहा कि कार्यो में किसी तरह की लापरवाही न हो।
डीआरएम सचिंद्र मोहन शर्मा ने रेलवे स्टेशन का बारीकी से निरीक्षण किया। सभी कार्यों को देखा और गुणवत्तापूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नए बने एस्केलेटर, फुट ओवरब्रिज के निर्माण तथा अन्य व्यवस्थाओं को भी देखा। इस दौरान उन्हें जो कमियां दिखाई पड़ी उन्हें जल्द सही कराने के निर्देश भी दिए। कहा कि किसी कीमत पर कहीं पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन का कायाकल्प हो रहा है। जिससे अब यात्रियों की सुविधाओं में इजाफा होगा, उन्हें सहूलियत मिलेगी। स्टेशन पर जहां खूबसूरती बढ़ेगी वही दो गेट के बनने के साथ ही तीन गेट हो जाएगे। अब जहां वेटिंग एरिया अच्छा होगा वही फर्श आदि भी बेहतर होंगी। निरीक्षण के दौरान डीआरएम के साथ सीनियर डीसीएम रेखा वर्मा, सीनियर डीईएन टू व स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन कुमार आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -शाहाबाद बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी को राज्य मंत्री ने दिलाई शपथ, पूर्ण सहयोग का किया वादा
