Farrukhabad: फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले दो शातिर गिरफ्तार... ऐसे करते थे पूरा फर्जीवाड़ा, ये माल हुआ बरामद
फर्रुखाबाद में फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले दो शातिर गिरफ्तार
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। थाना कमालगंज पुलिस ने जमीन का फर्जी बैनामा कराने के लिए तैयार किए गए फर्जी आधार कार्ड सहित दो शातिर जालसाजों को गिरफ्तार कर लिया। थाना पुलिस ने ग्राम नौगवां नसरतपुर निवासी सीवेंद्र राजपूत पुत्र सूरजपाल एवं थाना जहानगंज के ग्राम जलालपुर निवासी अमन कुशवाहा उर्फ पिन्ना पुत्र अशोक कुमार को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के समय आरोपी आधार कार्ड का प्रतिरूपण कर फर्जी आधार कार्ड तैयार कर रहे थे। पुलिस को मौके पर 15 आधार कार्ड मय लेमिनेशन व 7 आधार कार्ड फोटो कापी व आधार कार्ड तैयार करने के उपकरण लेपटाप मय चार्जर, पिन्टर एचपी, कीवोर्ड एवं माउस, मोबाइल सैमसंग, पैकेट लेमिनेशन एवं 12 बन प्लस फोटो सूट, इंक जेट, आईडी, फोटो पेपर व 1850 रुपये मिले।
पूछताछ करने पर आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांव नगरिया देवधरापुर निवासी पंजाबी पुत्र मैकूलाल की जमीन को हड़पने का प्रयास कर रहे थे। पंजाबी इस समय किसी अभियोग मे फतेहगढ़ जेल में आजीवन सजा काट रहा है। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है। उसकी जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए उसका फर्जी आधार कार्ड तैयार किया था।
एसपी विकास कुमार ने बताया कि फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दो लोगों को 15 फर्जी आधार कार्ड आदि सामग्री सहित गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने लोगों को धोखाधड़ी से बचने के लिए स्कैन कर आधार कार्ड को प्रयोग करने की सलाह दी है।
ये भी पढ़ें- Etawah में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बोले- BJP के लिए काम करो... तुम्हे भी मिल जाएगा भारत रत्न
