रामपुर: तालाब में गिरने से 10 साल के बालक की मौत, परिजनों में कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से किया इंकार

रामपुर, अमृत विचार। साइकिल चला रहा दस वर्ष का बालक साइकिल सहित तालाब में गिर गया और उसकी मौत हो गई। बालक के काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर तलाश शुरू हुई। देर शाम को तालाब में साइकिल पड़ी दिखी इसके बाद परिजनों ने तालाब से बालक के शव को निकाला। लेकिन, तब तक बालक की मौत हो चुकी थी। शव देखते ही परिजनों ने रोना-पीटना शुरू कर दिया। परिजन शव का बिना पोस्टमार्टम कराए घर ले गए।  

टांडा थाना क्षेत्र के गांव सिकंदराबाद निवासी इरफान का 10 साल का बेटा शाहनवाज कई वर्ष से सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम पंजाबनगर में अपने मामा असलम के घर पर रह रहा था। गुरुवार दोपहर को वह साइकिल लेकर चलाने के लिए निकल गया। लोगों का कयास है कि अचानक से साइकिल चलाते हुए वह तालाब में गिर गया होगा या किसी तेज रफ्तार वाहन की झोंक नहीं सह पाने पर वह साइकिल सहित तालाब में जा गिरा होगा। क्योंकि बालक को तालाब में गिरते हुए किसी ने नहीं देखा।

बताते हैं कि शाहनवाज गुरुवार की अपराह्न करीब 2:30 बजे घर से साइकिल लेकर निकला था। शाम तक उसके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को फिक्र हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। शाहनवाज के मामा असलम समेत तमाम रिश्तेदार उसकी तलाश में जुट गए। वह लोग जब गांव पंजाबनगर के मुहाने पर पहुंचे तो सड़क किनारे तालाब में साइकिल दिखाई दी।

इसके बाद आनन-फानन में लोग तालाब में घुस गए और बालक की तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर में बालक मिल गया लेकिन उसके प्राण पेखरू उड़ चुके थे। बालक का शव मिलने पर घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर आ गई। सिविल लाइन प्रभारी अजय मिश्रा ने बताया दस वर्ष के  बालक की मौत हो गई। परिजनों ने  पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।

ये भी पढ़ें- रामपुर : झोलाछाप के गलत इलाज से गर्भवती की मौत, परिजनों ने किया हंगामा...अस्पताल सील

संबंधित समाचार