श्रावस्ती : संदिग्ध परिस्थितियों में अधेड़ की मौत, तफ्तीश में जुटी पुलिस-ये जताई आशंका
श्रावस्ती, अमृत विचार। ग्राम पंचायत शिकारी चौड़ा के मजरा गनेशपुर में गुरुवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव पाया गया। मल्हीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिकारी चौड़ा के मजरा गनेशपुर निवासी छोटू वर्मा पुत्र बेचेलाल के घर में बेचेलाल के मित्र मल्हीपुर खुर्द निवासी आदित्य प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ उत्तम (50) का संदिग्ध परिस्थितियों में शव पाया गया।
जानकारी के मुताबिक बीती रात आदित्य प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ उत्तम गौसपुर बनकटी गांव निवासी सुनीता पत्नी राजेन्द्र प्रसाद के साथ रात में गनेशपुर में बेचेलाल के घर गए थे, जबकि बेचेलाल की वर्षो पूर्व मौत हो चुकी है। इस दौरान उनके घर में उनका छोटा बेटा छोटू वर्मा घर में मौजूद था। वहीं इन लोगों ने उनके घर पर रात में विश्राम करना चाहा जिसपर छोटू ने इसका विरोध किया। तभी मुम्बई में रह रहे उसके बड़े भाई गोविंद को फोन कर रात्रि विश्राम करने की बात कही और छोटू से उसकी बात कराई। पिता के मित्र होने के नाते बड़े लड़के ने छोटू से घर में रुकने की इजाजत दे दी। वहीं रात्रि में भोजन की व्यवस्था की गई और शराब पीकर भोजन करने के बाद आदित्य के द्वारा उत्तेजक दवाओं का इस्तेमाल किया गया और वहीं पर दोनों महिला पुरूष चौकी पर लेट गए। कुछ समय पश्चात जब महिला की नींद खुली तो इनको नीचे गिरा देखा और इनको जगाने का प्रयास किया, कोई उत्तर न मिलने पर महिला जोर से चिल्लाने लगी। तभी आवाज सुनकर बगल कमरे में सो रहा छोटू वर्मा दौड़कर पहुंचा तो देखा कि आदित्य मृत अवस्था में पड़े मिले। शोर गुल सुनकर आसपास के लोग भी जग गए और इसकी सूचना मल्हीपुर थाने पर दी। सूचना पाकर मौके पर दलबल के साथ पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं घटना स्थल पर फोरेंसिक टीम को शराब का गिलास व उत्तेजक दवाओं का रैपर (अवशेष) पाया गया। जिसको सील कर लैब भेज दिया। इस सम्बंध में जय हरि मिश्रा के अनुसार प्रथम दृष्टया अधिक एल्कोहल व उत्तेजक दवाओं के इस्तेमाल से हार्ट अटैक होने की संभावना है हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें -रामपुर : सड़क हादसे में मिलक के ट्यूबवेल ऑपरेटर की मौत, बाइक से रिश्तेदारी में जा रहे थे
