Unnao: आवारा मवेशी और किसानों की हितैशी सरकार में मवेशी ने किसान को उतारा मौत के घाट
उन्नाव, अमृत विचार। केंद्र व प्रदेश की मौजूदा सरकारें बेसहारा मवेशियों और किसानों को लेकर बेहद गंभीर बनी हुई हैं। इनकी सुविधाओं व सुरक्षा के लिये लगातार संसाधन भी जुटाए जा रहे हैं। लेकिन, सरकार के लाख प्रयास के बाद भी यह दोनों एक-दूसरे के दुश्मन बने हुए हैं।
कहीं ऐसे मवेशी किसानों की फसल चट कर रहे हैं तो कहीं हमला कर किसानों की जान तक लिये ले रहे हैं। ऐसा ही कुछ शुक्रवार को उन्नाव के माखी थानाक्षेत्र के एक गांव में हुआ। जहां एक आवारा मवेशी ने किसान पर हमला बोल दिया। इसमें वह गंभीर घायल हो गया। परिजन उसे अस्पताल ले गये। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
माखी थानांतर्गत नगवा गांव निवासी भग्गा (70) पुत्र कन्हई खेती करता था। गुरुवार शाम वह अपने पालतू मवेशियों को चराने गया था। तभी वहां घूम रहे आवारा मवेशी ने उस पर हमला बोल दिया। इसमें वृद्ध को गंभीर चोटे आ गईं। आसपास खेतों में काम कर रहे किसान दौड़े और मवेशी को भगाने के बाद परिजनों को इसकी सूचना दी।
गंभीर घायल किसान को जिला अस्पताल लाया गया। जहां से उसे गंभीर देख डाक्टर ने कानपुर के एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देर रात किसान ने दम तोड़ दिया।
परिजन शव लेकर घर लौट आए और शुक्रवार को बिना पुलिस को सूचना दिए परियर घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। उसकी मौत से पत्नी राजेश्वरी, चार बेटे रामप्रसाद, अवधेश, नन्हके व परशुराम रो-रोकर बेहाल रहे।
