हरदोई: कांस्टेबल के मकान में फंदा लगाकर महिला ने दी जान, जांच में जुटी पुलिस
हरदोई। शहर की पॉश कालोनी में एक कांस्टेबल के मकान में किराए पर रह रही महिला ने दुपट्टे से फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। इसका पता होते ही आवास विकास कालोनी में हड़कंप मच गया। पति की मौत के बाद घर-बार छोड़ कर महिला शहर में रहने लगी थी। महिला की मौत पर लोग तरह-तरह की अटकलें लगा रहें हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है, उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है। बताया गया है कि हरपालपुर थाने के बढ़ैय्यनपुरवा की रहने वाली शबनम के पति आदेश की तकरीबन 5 साल पहले मौत हो गई थी। पति के न रहने पर अपना घर-बार छोड़ कर शबनम कोतवाली शहर की पॉश कालोनी आवास विकास कालोनी में हेड कांस्टेबल जितेंद्र के मकान में किराए पर रहने लगी।
शुक्रवार की देर रात में उसने किराए के मकान के कमरे में दुपट्टे से फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। शनिवार की सुबह जब शबनम के कमरें से कोई आहट नहीं सुनाई दी, तो अंदर झांक कर देखा गया, जहां उसका शव फांसी पर लटक रहा था।
पुलिस का कहना है कि महिला के घर वालों ने फिलहाल किसी भी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया है। जैसा कि बताया गया है कि किसी युवक का शबनम के यहां काफी आना-जाना था और उसी से कुछ बातचीत हुई थी, जिसके चलते शबनम ने ऐसा कदम उठाया। वहीं एसएचओ कोतवाली शहर संजय पाण्डेय का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस बारे में आगे कुछ कहा जा सकता है। वहीं शबनम की इस तरह से हुई मौत पर लोगों के बीच तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही है।
लिव-इन रिलेशनशिप की हो रहीं हैं बातें
शहर की आवास विकास कालोनी में आत्महत्या करने वाली शबनम के यहां जिस युवक का आना-जाना बताया गया है,उसे ले कर कहा जा रहा है कि दोनों के बीच लिव-इन रिलेशनशिप थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि सारे मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है। महिला ने अपना घर-बार किस वजह से छोड़ा? इसका भी पता लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:-हरदोई: एसपी केशव चंद्र ने 119 हेड कांस्टेबल और 247 कांस्टेबल के किये तबादले
