Kasganj News: पुलिस भर्ती परीक्षा में PAC जवान सहित दो सॉल्वर गिरफ्तार, मची खलबली
कासगंज, अमृत विचार। जिले में दूसरे दिन संपन्न हुई पुलिस भर्ती परीक्षा में दो मुन्ना भाई पकड़े गए हैं। एक पीएसी का जवान अपने भाई का पेपर हल कर रहा था तो एक अन्य युवक अपने चचेरे भाई का पेपर हल करने में जुटा था।
आधार कार्ड के वेरिफिकेशन में इसकी पोल खुल गई तो पीएसी के जवान सहित दोनों सॉल्वर को गिरफ्तार कर लिया गया और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से खलबली मची रही।
बता दें दूसरे दिन पुलिस भर्ती परीक्षा चल रही थी। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ परीक्षा की निगरानी जुटे हुए थे। इसी बीच दो मुन्ना भाई पकड़े गए। सुमित कुमार माहेश्वरी इंटर कॉलेज के परीक्षा केंद्र पर फिरोजाबाद के गांव मटसेना निवासी कामेश कुमार का परीक्षा केंद्र बना था। कामेश परीक्षा के अभ्यर्थी थे, लेकिन वह अपनी परीक्षा देने नहीं आए।
उनके स्थान पर उनका भाई हरीश यादव जो 28 बटालियन इटावा में पीएसी के आरक्षी पद पर तैनात है वह परीक्षा दे रहा था। इसके अलावा फिरोजाबाद के गांव मटसेना का ही रहने वाला अमन यादव अपने चचेरे भाई मोनू की परीक्षा दे रहा था। यह सॉल्वर सेम्फोर्ड स्कूल में पकड़ा गया।
दोनों सॉल्वर एक ही गांव के हैं और योजना बनाकर यहां परीक्षा देने आए थे। पुलिस ने इन दोनों को पड़कर हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद पूरी कलई खुल गई। आधार कार्ड का सत्यापन किया। इस कार्रवाई के बाद मुन्ना भाइयों में खलबली है। दोनों ही परेशान है। पुलिस पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश करेगी। फिलहाल एफआईआर दर्ज कराई गई है।
इटावा के अधिकारियों को जाएगी रिपोर्ट
कासगंज पुलिस इटावा पीएसी के अधिकारियों को रिपोर्ट भेजेगी। पीएसी के आरक्षी द्वारा किए गए फर्जीवाड़े की रिपोर्ट तैयार कर वहां भेजी जाएगी, जिससे उसके कार्रवाई अमल में लाई जा सके। पुलिस रिपोर्ट तैयार कर रही है।
दो सॉल्वर पकड़े गए हैं। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। रिपोर्ट इटावा पुलिस को भी भेजी जाएगी। क्योंकि एक सॉल्वर इटावा पीएसी का जवान है। - अजीत चौहान, सीओ सिटी
ये भी पढे़ं- कासगंज: चारपाई पर मिला महिला का शव, गले पर चोट के निशान... हत्या का आरोप
