अयोध्या में 10156 करोड़ की 192 औद्योगिक इकाइयों की पड़ी नींव, देखा गया कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
मंडलायुक्त सभागार में आयोजित हुआ जिला स्तरीय समारोह, विश्वकर्मा सम्मान के तहत सिलाई मशीन और टूल किट का वितरण किया गया
अयोध्या, अमृत विचार। प्रदेश सरकार की ओर से आयोजित ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी-4 के तहत सोमवार को जिले में 10156 करोड़ के निवेश वाली कुल 192 औद्योगिक इकाइयों की नींव पड़ी। जिला स्तरीय समारोह का आयोजन मंडलायुक्त सभागार में हुआ। जहां निवेशकों ने लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदि को सुना। विभिन्न क्षेत्र के निवेशकों को प्रमाण पत्र और विश्वकर्मा सम्मान के तहत महिलाओं को सिलाई मशीन और लाभार्थियों को टूल किट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में 10 करोड़ से कम का निवेश करने वाले उद्यमियों को बुलाया गया था। इससे ज्यादा के निवेशक लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय समारोह में आमंत्रित किये गए थे। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि आज प्रदेश औद्योगिक प्रदेश की राह पर है। हजारों लाखों करोड़ की परियोजनाएं चल रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश नये आयाम छू रहा है। आज सभी की निगाह अयोध्या की ओर है। यहां बड़ा निवेश आया है,लेकिन अभी भी भविष्य की जरूरतों के मुताबिक कई क्षेत्रों में निवेश की जरूरत है। इसके लिए निवेशक आगे आएं, सरकार और प्रशासन आपकी मदद से लिए तत्पर है।
मण्डलायुक्त गौरव दयाल ने प्रदेश सरकार ज्यादा से ज्यादा निवेश के लिए कटिबद्ध व् प्रतिबद्ध है। इसी के चलते पिछड़ा और बीमारू कहा जाने वाला यह प्रदेश निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने कहा कि अयोध्या में पर्यटन की अपार सम्भावनाएं हैं। जिसके चलते विश्वस्तरीय होटल आदि स्थापित हो रहे हैं। प्रशासन जमीन और माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्राधिकरण की महायोजना दो में क्षेत्रफल के विस्तार तथा यूपीसीडा के तहत प्लाट की उपलब्धता के प्रयास में जुटा है। उन्होंने अयोध्या में फूड प्रोसेसिंग इकाई की आवश्यकता जताते हुए इस क्षेत्र में उद्यमियों से निवेश की अपील की।

इस अवसर पर जिला पंचायक अध्यक्ष रोली सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ऋषिराज सिंह,संयुक्त आयुक्त उद्योग सबिता रंजन भारती, आईआईए के अध्य्क्ष शंकरलाल जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह, लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष अविनाश चंद्रा, धीरज सिंह राजपाल, एसबी सिंह समेत जिले के प्रमुख उद्यमी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मंच से इन निवेशकों को मिला प्रमाण पत्र
ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी-4 के तहत मंडलायुक्त सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में अतिथियों की ओर से एमएसएमई क्षेत्र के सौरभ सिंह, मनीष शर्मा, सुशील राजपाल,प्रतीक भज्जा, पर्यटन में निवेश करने वाले राजाराम सिंह व विकास जायसवाल, पशुपालन में अनुपम वर्मा व रामकृष्ण वर्मा, मेडिकल शिक्षा में पवन वर्मा व शशांक वर्मा, वन में सुरेंद्र सिंह व प्रीति मुरारका, हैंडलूम में सोना देवी व दिलीप कुमार, यूपीसीडा में मुकेश कुमार तोलानी,तकनीकी शिक्षा में सलाम कृष्ण और उद्यान में निवेश करने वाले राजीव रंजन को प्रमाण पत्र प्रदान किया। वहीं विश्वकर्मा सम्मान के तहत 10 महिलाओं को सिलाई मशीन और प्रमाण पत्र दिया गया।
अधिकारियों ने दी योजना व अनुदान की जानकारी
समारोह में पर्यटन, उद्योग विभाग, नेडा, पशुपालन, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि के अधिकारियों ने मौजूद निवेशकों को अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। बताया कि उद्योगों में निवेश को बढ़ाने व स्वरोजगार और रोजगार पैदा करने के लिए सरकार की ओर से जमीन की खरीद में स्टांप ड्यूटी में छूट दी जा रही है। पात्रता के मुताबिक ब्याज और सब्सिडी का लाभ भी दिया जा रहा है। उपनिदेशक पर्यटन राजेंद्र यादव ने बताया कि प्राण-प्रतिष्ठा के बाद होटल उद्योग में बड़ी तेजी आई है। बावजूद इसके अभी भी इस क्षेत्र में निवेश की जरूरत है। कोई भी निवेश कर योजना का लाभ उठा सकता है।
वर्जन-
जिले में कुल 192 ईकाइयों में लगभग 10155.79 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। जिससे 19854 रोजगार सृजन की संभावना है। लखनऊ में 7291. 06 करोड़ की 75 और यहां 276 करोड़ की 83 उद्योग इकाइयों की समारोहपूर्वक नींव रखी गई है। मुख्य अतिथि ने निवेशकों को प्रमाण पत्र प्रदान किया है। -अमरेश पांडेय, उपायुक्त उद्योग
ये भी पढ़ें -
