प्रयागराज में टोल प्लाजा कर्मचारियों ने वाहन चालक को दौड़ाकर पीटा, वीडियो वायरल   

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनी/ प्रयागराज, अमृत विचार। यमुना नगर स्थित बारा थानांतर्गत गन्ने टोल प्लाजा पर सोमवार दोपहर जबरदस्त दबंगई देखी गई। रूपये के लेनदेन को लेकर कर्मचारियों और वाहन चालक से हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। टोल प्लाजा कर्मचारियों ने वाहन सवार लोगों को लाठी– डंडा से दौड़ा–दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। इससे वहां अफरातफरी मच गई। सूचना पर कई थाने की पहुंची पुलिस ने किसी प्रकार मामले को शांत कराया। वहीं घटना के दौरान का एक वीडियो भी वायरल है, जिसमें एक महिला कर्मचारी हाथ में लेकर दौड़ते हुए वार कर रही है। भुक्तभोगी की तहरीर पर टोल कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। हालाँकि अमृत विचार इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। 

बताया जाता है कि एक वाहन पर क्षेत्र के कुछ लोग जारी की ओर जा रहे थे। टोल प्लाजा पर उन्हें रोक लिया गया। रूपये के लेनदेन को लेकर उनका विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान टोल प्लाजा कर्मचारियों ने वाहन सवार लोगों के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। इससे वहां अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते वहां बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना पाकर कई थाना की फोर्स भी पहुंच गई और किसी प्रकार मामले को शांत कराया गया। बाद में भुक्तभोगी बारा थाना पहुंचे और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी। 

मारपीट में डेढ़ दर्जन के खिलाफ दर्ज हुआ केस
आरोप है कि मारपीट के दौरान मोबाइल भी छीन लिया गया। इस संबंध में पुलिस ने तीन नामजद समेत लगभग डेढ़ दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में दो-तीन को पकड़ा भी गया है। इस संबंध में एसीपी बारा ने बताया कि टोल को लेकर विवाद हुआ था। हाथापाई हुई है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में सब दिख जाएगा।

ये भी पढ़ें -आदिवासी, दलित व पिछड़ी जाति का हक मार रही सरकार :राहुल गांधी

संबंधित समाचार