चंडीगढ़ महापौर चुनाव के परिणाम पलटने पर केजरीवाल ने भाजपा को घेरा, कही ये बात 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में बुधवार को मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उच्चतम न्यायालय द्वारा चंडीगढ़ महापौर चुनाव के नतीजे को पलटने के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा। भगवद् गीता का हवाला देते हुए केजरीवाल ने कहा कि भगवान ने हस्तक्षेप करने का फैसला किया और भाजपा के प्रचलित ‘‘अधर्म’’ का सर्वनाश कर दिया। 

उन्होंने चंडीगढ़ महापौर चुनाव परिणाम के फैसले के लिए उच्चतम न्यायालय और भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) को भी धन्यवाद दिया और कहा कि इसने देश के लोकतंत्र को बचा लिया। केजरीवाल ने अदालत के फैसले की सरहाना करते हुए कहा, ‘‘ ऐसा लग रहा था मानो सीजेआई के जरिये भगवान खुद बोल रहे हों।’’ 

शीर्ष अदालत ने अपने फैसले में 30 जनवरी के चुनाव परिणाम को पलटते हुए पराजित आप-कांग्रेस गठबंधन के उम्मीदवार कुलदीप कुमार को चंडीगढ़ का नया महापौर घोषित कर दिया था। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए कुछ भी करेगी और उस पर खुलेआम विधायकों की खरीद-फरोख्त और सरकारें गिराने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भगवान राम, कृष्ण, शिव-पार्वती के भक्त देश के साथ हैं और आखिरकार भाजपा के ‘‘अधर्म’’ का सर्वनाश हो जाएगा तथा ‘‘धर्म’’ की जीत होगी। 

केजरीवाल ने किसानों के विरोध प्रदर्शन को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि वह प्रदर्शनकारी किसानों को दिल्ली पहुंचने से रोक रही है। उन्होंने कहा, ‘‘वे किसानों को दिल्ली क्यों नहीं आने दे रहे? वे उनकी फसलों की उचित कीमत नहीं देते और उनकी बात भी नहीं सुनी जा रही।’’ 

ये भी पढ़ें- Video: कांग्रेस और सपा में हो सकता है गठबंधन, अखिलेश यादव बोले-अंत भला, तो सब भला  

संबंधित समाचार