अमेठी में भाजपा जिला मंत्री पर सीढ़ियां तोड़ने का आरोप, वीडियो वायरल
अमेठी, अमृत विचार। फुरसतगंज थाना क्षेत्र के क़स्बा निवासी एक युवक ने भाजपा जिला मंत्री व उनके दो दर्जन साथियों पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। आरोप है कि मंगलवार की देर रात उसके घर के सामने बनी नवनिर्मित सीढ़ी को तोड़ दिया और उसमें लगे लोहे की सरिया के जाल को उठा ले गए। विरोध करने पर घर पर मौजूद उसकी पत्नी व बेटी को असलहे की दम पर धमकाते हुए घर जला देने की धमकी भी दी।
एक तरफ जहां चार दिवसीय दौरे पर आई सांसद व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी जगह-जगह जन संवाद विकास यात्रा के जरिये जनता से मिली समस्याओं को सुन रही हैं, बल्कि उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित को निर्धारित समय में निस्तारण के निर्देश भी दे रही हैं। वहीं भाजपा के कुछ नेता केंद्रीय मंत्री व सरकार की छवि को पलीता लगा रहे हैं।
फुरसतगंज कस्बा निवासी राजेश कुमार जायसवाल पुत्र बराती लाल जायसवाल ने बुधवार की सुबह पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसने घर में आने जाने के लिए सामने सीढ़ी का निर्माण किया था। मंगलवार की देर रात करीब साढ़े 9 बजे भाजपा के जिला मंत्री मनोज जायसवाल अपने गुर्गे शशि जायसवाल, रजत जायसवाल व दो दर्जन अन्य के साथ घर पर आ धमके, और घर के सामने बनी सीढ़ी को तोड़ दिए। तहरीर में राजेश ने लिखा है कि सीढ़ी में लगी लोहे की सरिया के जाल को भी उठा ले गए हैं। इन सब करतूतों का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि अमृत विचार नहीं करता है।
राजेश ने बताया कि इन सबका विरोध करने पर पत्नी व बेटी को असलहे की दम पर घर जला देने की धमकी भी दी है। वहीं भाजपा जिला मंत्री पर आरोप है कि राजेश के पड़ोस में रहने वाली दलित महिला को ढाई लाख रुपये देकर उसे मोहरा बनाकर एससीएसटी की धारा में फर्जी केस दर्ज कराकर जेल भिजवाने की धमकी दी है। मामला सत्तापक्ष से जुड़ा होने के नाते पुलिस भी कार्रवाई करने में टाल-मटोल कर रही है।
अमेठी में भाजपा जिला मंत्री पर सीढ़ियां तोड़ने का आरोप, वीडियो वायरल #amethipolice pic.twitter.com/4FJ1tHmZI6
— Amrit Vichar (@AmritVichar) February 21, 2024
