बाराबंकी: महिला हेल्प डेस्क पर मुफ्त कानूनी सलाह देंगे अधिवक्ता, आम जनता को मिलेगा फायदा
बाराबंकी, अमृत विचार। पीड़ित महिलाओं को अब कोतवाली व थानों के महिला हेल्प डेस्क पर मुफ्त में कानूनी सलाह के लिए अधिवक्ता मिलेंगे। इसको लेकर हेल्प डेस्कवार अधिवक्ताओं की सूची पुलिस प्रशासन ने गुरूवार को सार्वजनिक की। इतना ही नहीं नगर कोतवाली में एएसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा व सीओ सिटी डा. बीनू सिंह ने नि:शुल्क विधिक सहायता संवैधानिक अधिकारी के पोस्टर का चस्पा कर इसकी शुरूआत की।
चस्पा की गई सूची में संविधान के अनुच्छेद 39 ए के तहत समाज के गरीब और कमजोर वर्ग को निशुल्क विधिक सहायता देने का प्राविधान है। महिलाओं और बालिकाओं से संबधित किसी भी प्रकार के अपराध में निशुल्क विधिक सहायता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा नामित विधि परामर्शदाताओं द्वारा दी जानी होती है। इसके तहत कानूनी कार्यो के लिए वकील की सुविधा, कोर्ट फीस या अन्य कार्यो में लगने वाले व्यय, विधिक दस्तावेजों के अनुवाद सहित अपील आदि की सुविधा, पुलिा तथा कोर्ट में प्रचलित कानूनी कार्रवाई के बारे में जानकारी, कानूनी प्रक्रिया से जुडे आदेश व अन्य दस्तावेजों की प्रतियां प्राप्त करने की सुविधा में भी मिलेगी।
.jpg)
सीओ सिटी डा. बीनू सिंह ने बताया कि पुलिस महानिदेशक के निर्देश के क्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं से सम्बन्धित अपराधों के निस्तारण के लिए महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की जनपदीय इकाईयों का गठन किया गया है। इसके माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध हो रहे अपराधों के नियंत्रण, अनुश्रवण तथा जागरुकता सम्बन्धी कार्यों का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने अपने कार्यालय और एएसपी उत्तरी द्वारा नगर कोतवाली में महिला हेल्प डेस्क पर इसकी शुरूआत की गई। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार त्रिपाठी और प्रभारी निरीक्षक महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन रत्ना आदि मौजूद थे।
ये भी पढ़ें -Video: राजस्थान में बड़ा हादसा...बोलेरो चला रहे ड्राइवर को आया हार्ट अटैक, 5 लोगों को गाड़ी ने कुचला
