सुलतानपुर: युवती से छेड़छाड़ पर चले चाकू और गंडासे, दो युवकों की हत्या, आठ घायल
लड़की का मोबाइल नंबर देने एवं बारात जाते समय डांस कर रही महिलाओं का वीडियो बनाने पर हुआ था विवाद
अखंडनगर/सुलतानपुर, अमृत विचार। अखंडनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में एक शादी समारोह में लड़की से छेड़खानी के विवाद में चार दिन बाद दो युवकों की हत्या कर दी गई। चाकू और धारदार हथियार से दोनों पर कई वार किए गए। कई घायलों का इलाज चल रहा है। तनाव को देखते हुए जहां गांव में कई थानों की फोर्स लगाई गई है, वहीं आईजी अयोध्या और एसपी ने गांव का दौरा किया है।
मृतक सूर्यप्रताप की बहन रेनू पुत्री विनोद कुमार ने घटना को लेकर तहरीर दी है। उसने बताया कि गांव के जगदीश पुत्र दयाराम अपनी बाइक लेकर आए और मेरे घर पर खड़ी करने लगे। परिवार वालों ने मना किया तो वह गाली गलौज करते हुए चला गया।

बाद में जगदीश, अतुल यादव, रामजगत, दान बहादुर, अजय, सुंदरलाल, दयाराम, धर्मराज, जग्गी निषाद, रोशनी, अशोक कुमार, ऊषा और कुछ अज्ञात लोग धारदार हथियार व लाठी-डंडे लेकर घर पर आ धमके। इन लोगों ने घर वालों को खत्म करने की धमकी दिया तो हम लोग डर कर घर के अंदर चले गए।
आरोप है कि ये सभी आरोपी घर में घुसे और तोड़फोड़ करने लगे। उसी समय अतुल यादव ने सूर्य प्रताप (21) को घसीटकर खेत में ले गया और पेट में चाकू घोंप दिया। यही नहीं जगदीश ने जहां गड़ासे से हमला किया, वहीं राम जगत ने कुल्हाड़ी से प्रहार किया। सूर्य प्रताप को तड़पता देखकर इंद्रसेन (24) पहुंचा तो उसे भी लाठी डंडे से पीटा।

दोनों को परिवार वाले बचाने पहुंचे तो इन आरोपियों ने परिवार के सदस्यों को भी जमकर पीटा। इसमें रेनू, रेनू की मां कृष्णा देवी, भानु प्रताप, हरिओम, रोली, राधेश्याम को चोटे आई। पीड़ित रेनू ने बताया हम लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। मौके पर आई पुलिस गंभीर रूप से घायल सूर्य प्रताप व इंद्रसेन को लेकर सीएचसी अखंडनगर पहुंची। जहां डॉक्टर ने सूर्य प्रताप को मृत घोषित कर दिया।
जबकि, इंद्रसेन व कृष्णा देवी को गंभीर हालत में अंबेडकरनगर रेफर किया। यहां इंद्रसेन की हालत बिगड़ गई तो उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया। जहां गुरुवार सुबह उसकी भी मौत हो गई।

आईजी अयोध्या पहुंचे गोपालपुर गांव
आईजी अयोध्या प्रवीण कुमार, एसपी सोमेन बर्मा सूचना पर गोपालपुर गांव पहुंचे। दोनों ही उच्च अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। तनाव को देखते हुए कई थानों की फोर्स गांव में लगाई गई है। सीओ कादीपुर विनय कुमार गौतम ने बताया कि केस दर्ज कर आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस की तीन टीमें वर्क आउट में लगाई गई हैं।
लड़की का नंबर लेने को हुआ था विवाद
ग्रामीणों की मानें तो बीते 18 फरवरी को एक बारात गांव से गई थी। जिसमें एक लड़की को मोबाइल नम्बर देने एवं वीडियों बनाने को लेकर दोनों पक्ष में विवाद हुआ था। लेकिन उस दिन गहमागहमी के बाद मामला शांत हो गया था। लेकिन अंदर ही अंदर वह चिंगारी सुलग रही थी जो बीती रात खूनी संघर्ष में बदल गई। जिनमें दयाराम के पक्ष एक एवं विनोद के पक्ष के सात लोगों को गंभीर चोटें आई।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: किशोरी को बेचने के लिए ले जा रहे थे शिमला, एसएसबी ने पकड़ा
