ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर चालक किसान की मौत, गोंडा-लखनऊ रोड पर हुआ हादसा
भंभुआ पुलिस चौकी के आगे तालेपुरवा मोड़ के पास हुआ हादसा
करनैलगंज/ गोंडा, अमृत विचार। जरवल रोड चीनी मिल से गन्ना उतार कर वापस लौट रहे ट्रैक्टर चालक किसान की गोंडा-लखनऊ मार्ग पर तालेपुरवा मोड़ के पास सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है।

कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के काशीपुर निवासी फौजदार गोस्वामी (55) पुत्र भगौती शुक्रवार की भोर ट्रैक्टर ट्राली से जरवल चीनी मिल में गन्ना उतार कर वापस लौट रहे थे। तभी भंभुआ पुलिस चौकी से पहले तालेपुरवा मोड़ के पास जैसे ही वह घर की तरफ मुडे़, इसी बीच पीछे से आ रहे एक तेज रफ़्तार ट्रक ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक की ठोकर से ट्रैक्टर पलट गया और फौजदार ट्रैक्टर के नीचे दबकर मरणासन्न हो गए। आवाज सुनकर दौड़े लोगों ने उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज पहुंचाया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी मीरा देवी पति का शव देख बदहवास हो गयी।
भंभुआ चौकी प्रभारी सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रक को कब्जे में भी ले लिया गया है तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर अन्य आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें -लखनऊ: चिह्नित होंगे भू-माफिया, पुलिस करेगी गुंडा-गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई
