श्रावस्ती डीएम का सख्त निर्देश-परीक्षा केंद्र के आसपास बंद कराएं फोटोकॉपी शॉप
परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर बोर्ड परीक्षाओं का लिया जायजा
श्रावस्ती, अमृत विचार। जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन संपन्न करने को लेकर जिलाधिकारी कृतिका शर्मा ने सख्त निर्देश दिया है। उन्होंने जिम्मेदारों से बोर्ड परीक्षा के लिए बनाये गए सेंटरों के आस पास से परीक्षा के दौरान फोटोकॉपी और कंप्यूटर की दुकानों को बंद कराने को कहा है। शुक्रवार को डीएम ने विकास खण्ड हरिहरपुररानी के अलक्षेन्द्र इण्टर कालेज भिनगा और राहुल स्मारक पब्लिक इण्टर कालेज असाई पुरवा सहित अन्य परीक्षा केन्द्रों पर पहुंचकर जायजा लिया।
इस दौरान डीएम ने केन्द्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को देखा साथ ही नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में सेक्टर मजिस्ट्रेट को भी परीक्षा के दौरान निरन्तर भ्रमण कर शान्तिपूर्ण एवं व्यवस्था पूर्ण ढंग से परीक्षा सम्पन्न कराने का निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में प्रत्येक दशा में नकल विहीन परीक्षा करायी जायेगी, यदि इसमें किसी भी व्यक्ति द्वारा अवरोध उत्पन्न करने की कोशिश करते पाया गया तो उसके खिलाफ विधिक कार्यवाही की जायेगी तथा जिन परीक्षा केन्द्रों पर नकल कराते पाया गया तो सम्बन्धित परीक्षा केन्द्रों को ब्लैक लिस्टेट किया जायेगा।
जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्यों, केन्द्र व्यवस्थापकों एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि वे डबल लाॅक की सुरक्षा मानक अनुरूप सुनिश्चित कराएं। प्रश्न पत्र हरहाल में सुरक्षित रहें, प्रत्येक दशा में स्वयं की उपस्थिति में ही प्रश्न पत्र डबल लाॅक से निकलवाएं तथा माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा दिये गये निर्देशों का पालन सुनिश्चित करायें। इस कार्य में यदि किसी के खिलाफ लापरवाही बरतने की शिकायत मिली तो कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
ये भी पढ़ें -'गिरफ्तार हो सकते हैं अरविंद केजरीवाल', ED के सातवें समन के बाद AAP नेता सौरभ भारद्वाज का दावा
