सुलतानपुर: किसानों के समर्थन में कांग्रेसियों ने काली पट्टी बांधकर मनाया काला दिवस
पूंजीपतियों का सम्मान व किसानों का अपमान कर रही है सरकारः जिलाध्यक्ष
सुलतानपुर। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से विगत कई दिनों से शहर के राजीव गांधी पार्क (तिकोनिया पार्क) में अपनी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गारंटी कानून की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहा है। जिसका कांग्रेस ने पूर्ण समर्थन किया है।
बुधवार को हरियाणा पुलिस और पंजाब के किसानों के बीच हिंसक झड़प में हुई युवक की मौत को लेकर शुक्रवार को शहर के राजीव गांधी पार्क में आक्रोशित संयुक्त किसान मोर्चा (संगठन) व अखिल भारतीय कांग्रेस के कार्यकर्ता व नेताओं ने हाथों में काली पट्टी बांधकर काला दिवस (ब्लैक डे) मनाया।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि किसान हमारे देश की रीढ़ है। हम इन्हीं के दम पर देश में हरित क्रांति और श्वेत क्रांति लाने में सक्षम हुए थे। किसानों की मेहनत की वजह से कृषि के क्षेत्र में भारत देश आत्मनिर्भर बना था। आज वही किसान जब देश के प्रधानमंत्री से अपनी फसलों के एमएसपी की गारंटी मांग रहे हैं, तब उनके साथ आतंकवादियों जैसा सुलूक किया जा रहा है। सरकार चंदादाताओं का सम्मान और किसानों का अपमान कर रही है।
अपने हक की लड़ाई लड़ रहे किसान
किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि देश के किसान अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के लिए कानूनी गारंटी के अलावा स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश को लागू करने, किसान व कृषि मजदूरों के लिए पेंशन, कृषि ऋण माफ करने, पुलिस में दर्ज मामलों को वापस लेने तथा अन्य मामलों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा संगठन प्रदर्शन कर रहा है, जिसका समर्थन कांग्रेस कर रही है।
किसानों के साथ अन्याय कर रही बीजेपी सरकार
शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा है कि भाजपा देश के किसानों के साथ अन्याय कर रही है। आज हम सभी लोगों ने अपने हाथों में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया, निश्चित रूप से आने वाले समय में देश के किसान व आम नागरिक वोट की चोट से इन्हें मुंहतोड़ जवाब देंगे।
इस मौके पर वरिष्ठ नेता हरीश त्रिपाठी, नफीस फारुकी, कृष्ण कुमार (मुन्नू), विपिन कन्नौजिया युवा कांग्रेस अध्यक्ष, अरुण त्रिपाठी सेवा दल अध्यक्ष, हौसिला प्रसाद भीम, राहुल मिश्र, राजेश ओझा, अतहर नवाब, मोहित तिवारी, निकलेश सरोज, ममनून आलम, मनोज तिवारी, विनय त्रिपाठी, अबरार अहमद, उमाकांत त्रिपाठी आदि रहे। किसानों ने प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा।
यह भी पढ़ें: Purvanchal Expressway accident: माता-पिता और आंटी की मौत, कार चला रहे बेटे की हालत गंभीर
