हरदोई: तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में मारी टक्कर, भांजी को रौंदा, मामा समेत दो घायल
शाहाबाद/हरदोई,अमृत विचार। जिले के शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के नगला कल्लू गांव के सामने एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी जिससे बाइक पर बैठी युवती की कुचलकर मौत हो गई। जबकि बाइक पर बैठे 10 वर्षीय बालक सहित बाइक सवार घायल हुआ है।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शाहाबाद कोतवाली के ग्राम पंचायत एगवां के मजरा नौगवां निवासी शिल्पी 18 वर्ष पुत्री मदनपाल अपने मामा रवि 20 वर्ष पुत्र शिवपाल निवासी भगौनापुर थाना मझिला के साथ बाइक से अपने ननिहाल भगौनापुर जा रही थी।
रवि के साथ उसका 10 वर्षीय रिश्तेदार आदित्य भी बाइक पर बैठा था। शाहाबाद कोतवाली के नगला कल्लू गांव के ठीक सामने लोनी चीनी मिल से मैली लादकर आ रही ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली ने रवि की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी जिससे शिल्पी की मौके पर ही कुचलकर मौत हो गई। जब कि रवि और आदित्य जख्मी हो गए।
मौके पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर सीएचसी लाई। जहां पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका शिल्पी का विवाह पिहानी थाना क्षेत्र के अब्दुल्लापुर के खरखैया में तय हो चुका था। मृतका तीन बहन और एक भाई है। मृतका तीन बहनों में सबसे बड़ी बहन थी।
यह भी पढ़ें:-गोंडा: अधिवक्ताओं के विरोध पर हटाए गए मनकापुर के एसडीएम व तहसीलदार, जानें पूरा मामला
