Pilibhit: नियम विरुद्ध कॉलोनी बनाने की तैयारी, पूर्व विधायक के पुत्र समेत 13 को नोटिस जारी
पीलीभीत, अमृत विचार: जिले में बिना नक्शा व लेआउट बनाई जा रही कॉलोनियों पर शिकंजा करने की तैयारी की जा रही है। जिला पंचायत ने ऐसी 13 कॉलोनियों के कॉलोनाइजरों को नोटिस भेजा है। भेजे गए नोटिस में कॉलोनाइजरों से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया है। इसको लेकर सात दिन का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में अभिलेख न दर्शाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जनपद में पिछले कुछ समय से कॉलोनाइजरों द्वारा नियम विरुद्ध तरीके से कॉलोनियां बनाने का खेल तेजी से चल रहा है। शहर समेत जिले भर में इस खेल से जुड़े कॉलोनाइजर किसानों से सस्ते दामों में जमीन को खरीदकर प्लाटिंग कर रहे हैं। नियमानुसार शहरी क्षेत्र में कॉलोनी बनाने के लिए विनियमित क्षेत्र से नक्शा पास करना चाहिए, जबकि बाहरी क्षेत्र में जिला पंचायत से नक्शा पास कराने के बाद ही कॉलोनी का निर्माण कराया जाना चाहिए।
मगर, जिले में इन नियमों की अनदेखी हो रही है। अधिकांश कॉलोनाइजर बिना नक्शा एवं लेआउट पास कराए ही कॉलोनियां बनाने को अवैध तरीके से प्लाटिंग कर रहे हैं। जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते तो कहीं-कहीं कॉलोनियां बनकर तैयारी भी चुकी हैं। इधर बीसलपुर एवं पूरनपुर क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर बिना नक्शा व लेआउट पास कराए ही कॉलोनियां बनाने को प्लाटिंग की जा रही है।
कई स्थानों पर तो प्लाटिंग के बाद मकान भी बनवा दिए गए। इधर अब जिला पंचायत ने बिना नक्शा एवं लेआउट पास कराए बनाई जा रही कॉलोनियों पर शिकंजा करने की तैयारी शुरू कर दी है। जिला पंचायत द्वारा की गई जांच पड़ताल में बीसलपुर क्षेत्र में आठ और पूरनपुर क्षेत्र में पांच स्थानों पर कॉलोनी बनाने को प्लाटिंग करने का मामला सामने आया है।
अब जिला पंचायत ने इन सभी 13 कॉलोनाइजरों को नोटिस भेजकर संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा है। इसमें एक पूर्व विधायक के पुत्र और जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि को भी नोटिस भेजा गया है। इन सभी को सात दिन का समय दिया गया है। निर्धारित समय में अभिलेख प्रस्तुत न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
अभिलेख नहीं दिखा पाए तो बढ़ेगी मुश्किल
तेरह कॉलोनाइजरों को भेजे गए नोटिस के बाद भले ही खलबली मच गई है। मगर अभी ये पहला नोटिस है। इसमें सात दिन का समय देते हुए अभिलेख तलब किए गए हैं। जो कॉलोनाइजर समयावधि में अभिलेख नहीं दिखा सके तो उनको दोबारा नोटिस जारी किया जाएगा। जिसके बाद उनकी मुश्किल बढ़ सकती है।
पहले से ही कई कार्रवाई चल रहीं लंबित
कॉलोनी बनाने के मामले में प्रशासनिक स्तर से की गई नोटिस भेजने की कार्रवाई वैसे कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी शहर से सटे इलाकों में नियम विरुद्ध तरीके से स्थापित की जा रही कॉलोनियों के संज्ञान में आने पर नोटिस भेजे गए। इसे लेकर लंबी पड़ताल चली और फिर कुछ कॉलोनियों के ध्वस्तीकरण करने तक के आदेश कर दिए गए थे।
मगर इन आदेशों पर एक्शन अभी भी नहीं हो सका है। इस बार भी तेरह कालोनाइजरों में अधिकांश रसूखदार बताए जा रहे हैं। जिनको पहला नोटिस दिया गया हैं। अब इन पर शिकंजा कसने को लेकर भी सवाल बरकरार है।
बीसलपुर व पूरनपुर क्षेत्र में बिना नक्शा व लेआउट कॉलोनी बनाने को प्लाटिंग करने का मामला सामने आया है। इसको लेकर 13 कॉलोनाइजरों को नोटिस भेजा गया है। इन सभी को अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया है--- हरमीक सिंह, अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत।
यह भी पढ़ें- Pilibhit: एडमिट कार्ड नहीं मिलने से छूटी 20 परीक्षार्थियों की परीक्षा, मांगा जवाब... बोर्ड को भेजी जाएगी रिपोर्ट
